News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

मतदाता एवं नशा मुक्ति जागरूकता के लिए युवाओं से संवाद

मतदाता एवं नशा मुक्ति जागरूकता के लिए युवाओं से संवाद

मतदाता जागरूकता पर युवा संवाद एवं नशा मुक्ति अभियान का आयोजन

युवाओं को मतदान के प्रति किया प्रेरित, नशामुक्त जीवन का दिलाया संकल्प

हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत स्थानीय राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में बुधवार को चुनावी साक्षरता क्लब (ईएलसी) एवं नशा मुक्ति अभियान के तहत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने की। मुख्य अतिथि जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आईएएस सुश्री श्रद्धा गोमे तथा विशिष्ट अतिथि आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थराज शर्मा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।



कार्यक्रम के प्रथम चरण में मतदाता जागरूकता विषय पर संवाद आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सुश्री श्रद्धा गोमे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं से अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा आगामी नगरीय निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर

कार्यक्रम के दूसरे चरण में नशा मुक्ति अभियान के तहत आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थराज शर्मा ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, योग एवं प्राणायाम को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का संकल्प भी दिलाया।

स्वीप गतिविधियों की दी जानकारी

स्वीप कार्यक्रम प्रभारी श्री अनमोल शर्मा ने बताया कि जिलेभर के महाविद्यालयों में चुनावी साक्षरता क्लब के माध्यम से युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा छोड़कर जागरूक नागरिक एवं जिम्मेदार मतदाता बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य श्री विजय सिंह ने किया। इस अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान प्रभारी श्रीमती भागवंती, एनएसएस जिला संयोजक डॉ. विनोद खुड़ीवाल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजकुमार, श्रीमती ममता, श्री डी.आर. स्वामी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.