विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी)—2027 का आयोजन
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 में हनुमानगढ़ के युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
15 से 29 वर्ष के युवा कर सकेंगे भागीदारी, छह ट्रैक में अपनी प्रतिभा और नवाचार प्रदर्शित करने का अवसर
हनुमानगढ़। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से युवाओं को विकसित भारत @2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी)—2027 का आयोजन किया जा रहा है। इसका राष्ट्रीय आयोजन 10 से 12 जनवरी, 2027 तक नई दिल्ली में होगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी सोच, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत करने तथा अपने विचारों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का अवसर मिलेगा। इसमें 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकेंगे।
छह प्रमुख ट्रैक में दिखा सकेंगे प्रतिभा
वीबीवाईएलडी-2027 में युवाओं के लिए छह प्रमुख ट्रैक निर्धारित किए गए हैं। इनमें विकसित भारत के लिए अभिनव विचार एवं समाधान प्रस्तुत करने के लिए विकसित भारत चैलेंज, लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, वक्तृत्व एवं कविता लेखन के लिए सांस्कृतिक ट्रैक, देश की विकास संबंधी वास्तविक चुनौतियों के लिए अभिनव डिजाइन समाधान हेतु डिजाइन फॉर भारत, तकनीक के माध्यम से सामाजिक एवं विकास संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हैक फॉर सोशल कॉज, स्टार्टअप आइडिया एवं बिजनेस प्लान के लिए यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज तथा लोकतांत्रिक विमर्श एवं नेतृत्व क्षमता के लिए यूथ पार्लियामेंट शामिल हैं।
विकसित भारत चैलेंज में बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया
वीबीवाईएलडी का प्रमुख ट्रैक विकसित भारत चैलेंज है। इसमें युवा पहले विकसित भारत क्विज में भाग लेंगे। इसके बाद 500 शब्दों का निबंध और फिर जिला एवं राज्य स्तर पर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आगे बढ़ेंगे। चयन प्रक्रिया योग्यता आधारित और बहुस्तरीय होगी। जिला स्तर पर चयनित युवा राज्य स्तरीय वीबीवाईएलडी में पहुंचेंगे तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में देशभर के युवाओं के साथ अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्रीय फाइनलिस्ट अपने विचार प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
राजस्थान के युवाओं के लिए मैन्युफैक्चरिंग, उद्यमिता और हरित विकास पर फोकस
वीबीवाईएलडी-2027 में राजस्थान को गोल्डन वेस्ट क्षेत्र में शामिल किया गया है। इस क्षेत्रीय थीम में मैन्युफैक्चरिंग, उद्यमिता एवं हरित विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसका मार्गदर्शक प्रश्न है कि वर्ष 2047 तक भारत को मैन्युफैक्चरिंग, नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा का वैश्विक केंद्र कैसे बनाया जाए। राजस्थान के युवा इस थीम को अपने राज्य और स्थानीय विकास की आवश्यकताओं से जोड़कर अभिनव विचार प्रस्तुत कर सकते हैं।
17 अगस्त से शुरू हुई क्विज, जनवरी में राष्ट्रीय आयोजन
विकसित भारत क्विज का आयोजन 17 अगस्त से शुरू हुआ, जो 30 सितंबर, 2026 तक होगा। इसके बाद निबंध चरण 5 से 19 अक्टूबर, जिला स्तरीय चैंपियनशिप 10 से 16 नवंबर तथा राज्य स्तरीय वीबीवाईएलडी 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। राष्ट्रीय स्तर का वीबीवाईएलडी 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होगा।
माय भारत पोर्टल से कर सकेंगे भागीदारी
हनुमानगढ़ जिले के पात्र युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है। युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से इसमें भाग ले सकते हैं। जो युवा पहले से माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं है। यह मंच युवाओं की सोच, प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
जिला कलक्टर ने किया पोस्टर का विमोचन
वीबीवाईएलडी-2027 के संबंध में जिला स्तर पर युवाओं को जागरूक करने के लिए पोस्टर का विमोचन जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में किया। इस अवसर पर माय भारत हनुमानगढ़ कार्यालय की जिला युवा अधिकारी सुश्री प्रीति, लेखा एवं कार्यक्रम सहायक श्री गौरव चुघ, कार्यालय सहायक श्री विजय कुमार तथा श्री योगेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।
