पर्यावरण संरक्षण व वरिष्ठ नागरिकों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में 1 से 3 सितंबर तक चलेगा पौधरोपण अभियान
‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर जिलेभर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम, वरिष्ठ नागरिकों की रहेगी सक्रिय भागीदारी
हनुमानगढ़। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत State Action Plan for Senior Citizen के तहत जिले में 1 से 3 सितंबर 2026 तक ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर Plantation Relative Activities का आयोजन किया जाएगा।
तीन दिवसीय कार्यक्रम
1 सितंबर को जिला मुख्यालय स्थित वृद्धाश्रम, सीएमएचओ कार्यालय परिसर में उद्घाटन एवं प्रतीकात्मक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें स्थानीय अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान तकनीकी मार्गदर्शन के साथ देशी पौधों का वितरण किया जाएगा तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत माताओं को समर्पित पौधों का रोपण किया जाएगा।
2 सितंबर को अंतरपीढ़ी पौधरोपण दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत वृद्धाश्रम, सामुदायिक पार्क अथवा विद्यालय परिसर में वरिष्ठ नागरिकों को स्कूली बच्चों एवं पोते-पोतियों के साथ जोड़ा जाएगा। सभी मिलकर पौधरोपण करेंगे और पौधों के चयन व उनकी देखभाल के संबंध में जानकारी प्राप्त करेंगे।
3 सितंबर को सामुदायिक पौधरोपण एवं विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। सार्वजनिक उद्यान, छात्रावास अथवा वन विभाग द्वारा चिन्हित सड़क किनारे पौधरोपण किया जाएगा। इस दौरान जीपीएस ट्रैकिंग रिकॉर्ड के साथ पौधरोपण के अंतिम चरण को पूरा किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों एवं परिवारों द्वारा ‘वृक्ष गोद लेने की प्रतिज्ञा’ ली जाएगी तथा समापन समारोह में संबोधन होगा।
जिला प्रशासन की ओर से निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक गतिविधि की फोटो एवं मीडिया कवरेज उसी दिन साझा की जाए। कार्यक्रमों की फोटो एवं मीडिया कवरेज dlo.han@rajasthan.gov.in ई-मेल पर भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और विभिन्न पीढ़ियों के बीच सहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

