मनरेगा मजदूरों को एक सप्ताह में काम देने का आश्वासन
काम नहीं मिलने से गुस्साए मनरेगा मजदूरों के आंदोलन के ऐलान से प्रशासन हरकत में,
टिब्बी बीडीओ ने की वार्ता, एक सप्ताह में काम देने के आश्वासन पर आंदोलन किया स्थगित
टिब्बी। मनरेगा में काम नहीं मिलने से नाराज मजदूरों के 3 सितंबर को हनुमानगढ़ जिला परिषद CEO कार्यालय घेराव के ऐलान के बाद प्रशासन हरकत में आया। टिब्बी पंचायत समिति विकास अधिकारी हुकम सिंह राठौड़ ने किसान-मजदूर नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर एक सप्ताह में सभी मजदूरों को काम देने का आश्वासन दिया।
डबली कलां, मेहरवाला सहित क्षेत्र में लंबे समय से रोजगार नहीं मिलने को लेकर मजदूरों में आक्रोश था और गांव-गांव प्रस्तावित आंदोलन को लेकर तैयारी चल रही थी। वार्ता में किसान नेता मनीष बुरड़क, अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह जग्गी सहित अन्य नेताओं ने मजदूरों की मांग जोरदार तरीके से रखी।
विकास अधिकारी राठौड़ ने वर्तमान में काम कर रहे मजदूरों को भी लगातार रोजगार देने और बीच में काम से नहीं हटाने का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद 3 सितंबर का हनुमानगढ़ CEO कार्यालय घेराव फिलहाल स्थगित कर दिया । मजदूर नेताओं ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में मांग पूरी नहीं हुई तो हजारों मजदूर टिब्बी में पड़ाव डालेंगे।
काम मिलने तक अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी देते हुए नेताओं ने कहा कि मजदूरों को कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर रोजगार चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में काम नहीं मिलने से मजदूर परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।वार्ता में अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष जगजीत सिंह जग्गी, किसान नेता मनीष बुरड़क, पृथ्वी लांझ, सतवीर बुरड़क, प्रभू छिपा तथा माकपा तहसील सचिव सुरेंद्र सोनी सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
