दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति ने जरूरतमंद की सेवा का दिया उदाहरण
सेवा की मिसाल: 9 दिव्यांगों को मेडिकल प्रमाण-पत्र, 16 को यूडीआईडी और 45 लाभार्थियों को रोडवेज स्मार्ट कार्ड किए वितरित
हनुमानगढ़। दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति द्वारा दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सेवा कार्य की मिसाल पेश की। समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण ने कहा कि पीड़ित, असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। नरसेवा को नारायण सेवा मानते हुए समिति का उद्देश्य जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
गुरुवार को जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन में आयोजित प्रक्रिया के दौरान विभिन्न श्रेणियों के 09 दिव्यांगजनों को दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र का लाभ दिलवाया। जिला चिकित्सालय उप-नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार जांगिड़ की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड की टीम ने आवश्यक जांच की कार्यवाही मौके पर पूर्ण की। बोर्ड में ऑर्थो विशेषज्ञ डॉ. विकास चौधरी एवं डॉ. अर्जुन सिंह राठौड़, मेडिसिन एमडी डॉ. राकेश कुमार फगेड़िया, न्यूरोफिजिशियन डॉ. राजेश कुमार यादव, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. भालसिंह गोदारा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमेश खीचड़, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. संदीप सिहाग एवं डॉ. आदित्य जैन शामिल रहे।
समिति द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर सहित डबलीवास मिढारोही, किशनपुरा दिखनादा, 24 केएसपी एवं अराईयांवाली में पहुंचकर 16 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड तथा दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक सहित विभिन्न श्रेणियों के 45 लाभार्थियों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरित किए गए। समिति सदस्यों ने लाभार्थियों को रोडवेज बसों में यात्रा करने तथा तीर्थ यात्रा सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
हरबंस लाल सहारण ने बताया कि दिव्यांगजनों को प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए जिला चिकित्सालय तथा आवश्यक जांच के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल तक ले जाना-लाना कई असहाय एवं चलने-फिरने में असमर्थ दिव्यांगों के लिए बेहद कठिन है। ऐसे उन्होंने उपखंड प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं भामाशाहों से भी सहयोग की अपील की, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके।
इस सेवा कार्य में जिला चिकित्सालय उप-नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार जांगिड़, प्रधानाचार्य विनोद उपाध्याय एवं स्टाफ, जिला चिकित्सालय हेल्पर अशोक शर्मा पक्का सहारणा, समिति सदस्य एवं दिव्यांग हेमंत शाक्य पीलीबंगा, डबलीवास मिढारोही पंचायत सुरक्षा गार्ड रेशम सिंह एवं जिला चिकित्सालय ई-मित्र संचालक कालूराम मोरवाल का सराहनीय सहयोग रहा।



