विकसित भारत- जन सेवा अभियान के तहत गिरदावर सर्किल पर ग्रामीण सेवा शिविर
26 से 28 सितंबर तक 75 गिरदावर सर्किलों में लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर
22 विभाग मौके पर देंगे सेवाएं; योजनाओं में पंजीयन से लेकर लंबित प्रकरणों का होगा निस्तारण
हनुमानगढ़। विकसित भारत- जन सेवा अभियान के तहत जिले में 26 से 28 सितंबर तक तीन दिवसीय ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिले की सभी तहसीलों के 75 गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर लगने वाले इन शिविरों में आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ उपलब्ध करवाया जाएगा। शिविरों का आयोजन गिरदावर सर्किल पर स्थित ग्राम पंचायत भवनों में प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशानुसार शिविरों में 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। आमजन की समस्याओं, लंबित प्रकरणों एवं परिवेदनाओं का मौके पर निस्तारण करने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीयन कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। सेवा सेतु अभियान के तहत योजनाओं की जानकारी, पंजीयन, लाभ वितरण एवं नागरिक सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर रहेगा।
राजस्व से लेकर स्वास्थ्य और बिजली तक मिलेगी सेवाएं
राजस्व विभाग द्वारा भूमि संबंधी प्रकरणों, सीमाज्ञान, अतिक्रमण, भूमि आवंटन, गैर-खातेदारी से खातेदारी अधिकार, जाति, मूल निवास एवं आय प्रमाण-पत्र तथा फार्म रजिस्ट्री से संबंधित कार्य किए जाएंगे। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की लंबित किस्तों, बैंक खाता सत्यापन, स्वयं सहायता समूह गठन एवं बैंक क्रेडिट लिंकेज संबंधी कार्य होंगे। पंचायती राज विभाग व्यक्तिगत शौचालय, सामुदायिक स्वच्छता परिसर, आरआरसी केंद्रों तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों पर कार्रवाई करेगा।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं की जांच व टीकाकरण, ओपीडी, कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, सिकल सेल एवं एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी जांच, निक्षय मित्र पंजीयन, पोषण किट वितरण तथा पीएमजेएवाई कार्ड बनाने का कार्य किया जाएगा। पशुपालन विभाग पशु स्वास्थ्य शिविर, टीकाकरण एवं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना से संबंधित सेवाएं देगा। ऊर्जा विभाग बिजली, मीटर, ट्रांसफार्मर, झूलते तार, खंभे, बिल एवं लोड संबंधी शिकायतों के साथ प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के पंजीयन एवं आवेदन की सुविधा देगा।
कृषि विभाग किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित करेगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग एनएफएसए से संबंधित लंबित प्रकरण, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी एवं एलपीजी आईडी मैपिंग का कार्य करेगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगजन सहायता एवं मुख्यमंत्री कारीगर योजना से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण करेगा।
महिला एवं बाल विकास, श्रम, आपदा प्रबंधन एवं सहायता, जल संसाधन, परिवहन, सहकारिता, शिक्षा, आयुष, सैनिक कल्याण, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग भी शिविरों में अपनी-अपनी सेवाएं उपलब्ध करवाएंगे। इनमें श्रमिक सहायता, आपदा से हुए नुकसान के प्रकरण, जल संसाधन से जुड़े प्रस्ताव, रोडवेज पास, किसान ऋण एवं सहकारिता सुविधाएं, छात्रवृत्ति एवं नामांकन, आयुष चिकित्सा एवं योग संबंधी सेवाएं, पूर्व सैनिकों के पेंशन प्रकरण, पेयजल शिकायतों तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग की परिसंपत्तियों से संबंधित कार्य शामिल हैं।
इन 75 स्थानों पर होंगे शिविर
हनुमानगढ़ तहसील के धौलीपाल, हनुमानगढ़ जंक्शन, पक्का सारना, रोडांवाली, नोरंगदेसर, लखुवाली, मुण्डा, कोहला, हनुमानगढ़ टाउन, पक्का भादवा, कमाना, चौहिलांवाली, फतेहगढ़ एवं डबली राठान में शिविर होंगे। पीलीबंगा तहसील में गोलूवाला, पीलीबंगा, बड़ोपल, लिखमीसर, खोथांवाली, काहनेवाला, पंडितांवाली, दौलतांवाली एवं अमरपुरा राठान में आयोजन होगा।
संगरिया तहसील के संगरिया, जंडवाला सिखान, संतपुरा, रतनपुरा, लीलांवाली, ढाबां, नुकेरा एवं किशनपुरा उतरादा; टिब्बी तहसील के तलवाड़ा, टिब्बी, सुरेवाला, चांहूवाली, सालीवाला, बशीर, शेरेकां, सिलवाला खुर्द एवं डबलीखुर्द में शिविर लगेंगे। रावतसर तहसील के रावतसर, गंधेली, खोड़ां, हरदासवाली, रामपुरा एवं 29 डीडब्ल्यूडी तथा पल्लू तहसील के पल्लू, बिसरासर, बरमसर एवं मोटेर में भी शिविर आयोजित होंगे।
नोहर तहसील में नोहर, फेफाना, रामगढ़, मेघाना, गोरखाना, जबरासर, देईदास, चक सरदारपुरा, जसाना, खुईयां, गोगामेड़ी, परलीका एवं पाण्डुसर तथा भादरा तहसील में भादरा, नेठराना, गांधीबड़ी, महराना, छानीबड़ी, भिरानी, जोगीवाला, अजीतपुरा, भनाई, किराड़ाबड़ा, डूंगराना एवं घेऊ गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर शिविर आयोजित होंगे।
जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को शिविरों में समन्वय के साथ निर्धारित सेवाएं उपलब्ध करवाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। आमजन से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम ग्रामीण सेवा शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लें तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आए।

