विकसित भारत जन सेवा अभियान
हनुमानगढ़ में रक्तदान शिविर का आयोजन, जिले में 500 से अधिक लोगों ने ली रक्तदान की ऑनलाइन शपथ
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने एमजीएम जिला अस्पताल में किया रक्तदान शिविर का अवलोकन
हनुमानगढ़। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत गुरुवार को हनुमानगढ़ टाउन के महात्मा गांधी मैमोरियल जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया तथा रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसके अलावा जिला एवं खण्ड स्तर से भी 500 से अधिक लोगों ने रक्तदान करने की ऑनलाइन शपथ ली।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य एवं चिकित्सा विभाग के हनुमानगढ़ जिला प्रभारी एवं विकसित भारत जन सेवा अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार ने हनुमानगढ़ टाउन के महात्मा गांधी मैमोरियल जिला अस्पताल का अवलोकन किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रक्तदाताओं से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव सहित अन्य अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा उनके सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकरलाल सोनी एवं मेडिकल कॉलेज की प्रिंसीपल डॉ. कीर्ति शेखावत ने रक्तदान कर चुके लोगों से बातचीत की।
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि रक्तदान शिविरों के साथ जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 500 से अधिक लोगों ने रक्तदान की ऑनलाइन शपथ भी ली। उन्होंने कहा कि आमजन की यह भागीदारी स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और जनसेवा की भावना को दर्शाती है। रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रमाण पत्र के साथ फल, फ्रूट जूस एवं अल्पाहार प्रदान किया गया। रक्तदान से पूर्व रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई तथा निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुसार सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहण किया गया। इस अवसर पर जिला अस्पताल से चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत कुमर, एसटीए राजेन्द्र कुमार स्वामी, एनओ श्रीमती दर्शना ढाका, टीए राजविन्द्र सिंह, एलटी सुरेन्द्र सिंह, एलटी अमित कुमार, एलटी महेन्द्र, डीईआईसी सुनील कुमार सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। जिला अस्पताल में आयोजित शिविर में 38 यूनिट रक्त सग्रंहित किया गया। भिरानी के श्री बालाजी आईटी सेंटर पर 42 यूनिट रक्तदान किया गया। इसके अलावा हनुमानगढ़ टाउन के तेरापंथ भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें 201 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने रक्तदान शिविरों में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं, ऑनलाइन रक्तदान की शपथ लेने वाले नागरिकों, आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आमजन से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इन्होंने किया रक्तदान
![]() |
मेडिकल कॉलेज एवं सरकारी नर्सिंग कॉलेज की छात्र-छात्राओं ने पहली बार किया रक्तदान
रक्तदान के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज एवं सरकारी नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने पहली बार रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। आयोजित रक्तदान शिविर में मेडिकल कॉलेज एवं सरकारी नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहली बार रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सरकारी नर्सिंग कॉलेज के सोहेल खान एवं भरत शर्मा ने रक्तदान के महत्व, इसकी आवश्यकता तथा रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों के बारे में अन्य छात्रों को जानकारी दी। मेडिकल कॉलेज एवं सरकारी नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा पहली बार किए गए रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया। विद्यार्थियों ने भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।



