बच्चों की कल्पनाओं में उकेरे चित्रों व रंगों में दिखा विकसित भारत का सपना
'मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत’ विषय पर विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
बच्चों की कल्पनाओं में उकेरे चित्रों व रंगों में दिखा विकसित भारत का सपना
टिब्बी। माध्यमिक शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विद्यार्थियों में ‘सेवा और समर्पण के 25 वर्ष’ तथा विकसित भारत की संकल्पना के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से गुरुवार को विद्यालय स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। टिब्बी ब्लॉक के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता, सेवा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं को रंगों और रेखाओं के माध्यम से कागज पर उकेरा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना में विकसित भारत के स्वरूप को चित्रों के जरिए अभिव्यक्त एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता की खास बात ये भी रही कि किसी चित्र में स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण की कल्पना नजर आई तो किसी में आत्मनिर्भर भारत,आधुनिक शिक्षा और तकनीकी विकास का सपना दिखाई दिया।
ब्लॉक से जिला और राज्य स्तर तक पहुंचेगी प्रतिभाएं
एसीबीईओ रोहिताश चुघ ने बताया कि विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियो के उकेरे गए तीन सर्वश्रेष्ठ चित्र 22 सितंबर तक ब्लॉक स्तर पर भेजे जायेंगे। ब्लॉक स्तर पर चयन समिति द्वारा प्राप्त चित्रों में से श्रेष्ठ तीन श्रेष्ठ चित्रों का चयन कर 24 सितंबर तक जिला स्तर के लिए नाम भेजे जाएंगे। जो 28 सितंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता भाग लेंगे। जिला स्तर से चयनित श्रेष्ठ चित्र को राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा। प्रदेश के 41 जिलों से चयनित 41 श्रेष्ठ चित्रों को जयपुर के जवाहर कला केंद्र में प्रदर्शित किया जाएगा।
जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 2100, 1100 एवं 500 रुपये तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। वहीं राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः 11 हजार, 5100 एवं 3100 रुपये पुरस्कार दिया जाएगा।
इन विद्यालयों में हुआ आयोजन
ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डबली खुर्द, बशीर, खाराखेड़ा, सहारणी, तंदूरवाली, मसितावाली, 4 केएसपी, 6 आरपी, 19 एजी, पीरकामडिया, महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय टिब्बी, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय टिब्बी तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय टिब्बी सहित विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। संबंधित संस्था प्रधानों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं संबल प्रदान किया।




