मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
मेहंदी के रंग में सजा मतदान का संदेश,
महिलाओं ने दिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के अंतर्गत जिले में मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) के तहत सोमवार को महिला मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से विशेष मेहंदी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के हाथों पर मेहंदी के माध्यम से मतदान संबंधी संदेश अंकित कर उन्हें लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बताया गया कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार होने के साथ-साथ लोकतंत्र के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्हें बिना किसी प्रलोभन अथवा दबाव के अपने विवेक के आधार पर मतदान करने तथा परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
महिलाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए "मेरा वोट, मेरा अधिकार" और "पहले मतदान, फिर अन्य काम" जैसे संदेशों के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी से लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक सशक्त होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में संचालित SVEEP अभियान के अंतर्गत जिले में लगातार विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दे सकें।



