जनगणना का द्वितीय चरण 10 जनवरी से शुरू, 24 जनवरी तक होगी स्वगणना
जनगणना के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) का कार्य प्रारंभ,
जनगणना कर्मियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण
हनुमानगढ़। भारत की जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए जिले के तहसील और नगर निकाय स्तर के नियमित सहायकों व तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण पूरा हो गया। प्रशिक्षण राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित किया गया।
जिले में 10 से 24 जनवरी, 2027 तक स्वगणना होगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। स्वगणना के तहत लोग जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने से पहले पोर्टल पर खुद अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।
मकान से लेकर शिक्षा और व्यवसाय तक की जानकारी जुटेगी
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना के दूसरे चरण में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से अधिसूचित 40 सवालों के माध्यम से जानकारी संकलित की जाएगी। इसमें मकान की स्थिति, पेयजल, शौचालय, परिवार के सदस्यों की शिक्षा, व्यवसाय, जन्म स्थान, धर्म, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, दिव्यांगता और वैवाहिक स्थिति सहित विभिन्न बिंदु शामिल होंगे।
शुद्धता और गोपनीयता पर दिया जोर
उप जिला जनगणना अधिकारी एवं आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की उप निदेशक डॉ. ममता बिश्नोई ने प्रशिक्षण के समापन सत्र में कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसे पूरी शुचिता, सटीकता और गोपनीयता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और पहले से कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया, ताकि कोई भी घर या व्यक्ति जनगणना से वंचित नहीं रहे।
पोर्टल पर खुद दर्ज कर सकेंगे विवरण
जनगणना कार्य निदेशालय, जयपुर के मास्टर ट्रेनर योगेश बजाज और अशोक गोदारा ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिकों को पोर्टल के माध्यम से स्वयं विवरण दर्ज करने का विकल्प मिलेगा। इससे जनगणना कार्य में तेजी लाने और आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना कार्यालय के सांख्यिकी अधिकारी अरुण शर्मा, सहायक सांख्यिकी अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ढील्ल, सांख्यिकी निरीक्षक विकास बिश्नोई, सहायक प्रोग्रामर सचिन जिंदल और आदित्य वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


