News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत 23 अक्टूबर तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया

पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत 23 अक्टूबर तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया

पंचायतीराज चुनाव 2026: जिला परिषद के 37 वार्डों के लिए 27 नामांकन, 6 पंचायत समितियों में 137 नामांकन दाखिल

6 पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए 125 अभ्यर्थियों ने प्रस्तुत किए नामांकन पत्र

23 अक्टूबर तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया

हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद सदस्य के 37 निर्वाचन क्षेत्रों और तृतीय चरण में शामिल जिले की छह पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। बुधवार को भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। बुधवार तक जिला परिषद सदस्य पदों के लिए 19 अभ्यर्थियों ने 27 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए, जबकि 6 पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए अब तक 125 अभ्यर्थियों ने कुल 137 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

6 पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए 137 नामांकन

तृतीय चरण में शामिल हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए भी सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक नामांकन प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को होगी, जबकि 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इन पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए मतदान 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।

बुधवार को भादरा पंचायत समिति में 28 अभ्यर्थियों ने 33 नामांकन पत्र दाखिल किए। हनुमानगढ़ जंक्शन में 22 अभ्यर्थियों ने 23, नोहर में 21 अभ्यर्थियों ने 21, पल्लू में 3 अभ्यर्थियों ने 3, पीलीबंगा में 22 अभ्यर्थियों ने 25 तथा राजपुरा (8 बीएचडी) में 19 अभ्यर्थियों ने 21 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।

इस प्रकार बुधवार को छह पंचायत समितियों में 115 अभ्यर्थियों ने कुल 126 नामांकन पत्र दाखिल किए। पहले दिन 10 अभ्यर्थियों ने 11 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए थे। इस तरह बुधवार तक छह पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए 125 अभ्यर्थियों ने कुल 137 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

6 पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में 5 नवंबर को मतदान

जिले की सभी 325 ग्राम पंचायतों में सरपंच, उपसरपंच और पंच पदों के लिए दो चरणों में चुनाव होंगे। तृतीय चरण में शामिल छह पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के चुनाव के लिए सोमवार को लोक सूचना जारी की गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।

सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को होगा।

जिला परिषद के लिए तीन स्थानों पर नामांकन की व्यवस्था

जिला परिषद सदस्यों के नामांकन के लिए जिला कलक्ट्रेट परिसर में अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। अभ्यर्थी 23 अक्टूबर तक किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित कक्षों में व्यक्तिगत रूप से नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।

निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार नामांकन जमा कराने के लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। वार्ड संख्या 1 से 13 तक के अभ्यर्थी अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) के कार्यालय में प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 210 में नामांकन जमा करवा सकेंगे। वार्ड संख्या 14 से 25 तक के लिए कलक्ट्रेट के भूतल पर कमरा नंबर 120 तथा वार्ड संख्या 26 से 37 तक के लिए प्रथम तल पर कमरा नंबर 206 निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष व्यक्तिगत रूप से नामांकन पत्र प्रस्तुत करने होंगे।

कलक्ट्रेट के मुख्य भवन के सामने स्थित वाहन पार्किंग स्थल पर जीए-55 की रसीद जारी करने, अभ्यर्थियों एवं प्रस्तावकों के नाम मतदाता सूची में जांचने और नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच के लिए कार्मिकों की व्यवस्था की गई है। नामांकन पत्र प्राप्त करने और पूछताछ के लिए अलग काउंटर तथा अभ्यर्थियों की सहायता के लिए सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।

नामांकन कक्ष में अभ्यर्थी सहित अधिकतम पांच व्यक्ति उपस्थित रह सकेंगे। वाहनों की पार्किंग कलक्ट्रेट परिसर के बाहर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आदर्श आचार संहिता और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करनी होगी।

जिला परिषद सदस्य पद के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जिला कलक्ट्रेट के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 206 में होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

अभ्यर्थियों के लिए चुनाव खर्च की सीमा निर्धारित

चुनाव प्रचार के दौरान वाहनों, लाउडस्पीकरों, कटआउट, होर्डिंग, पोस्टर और बैनर के उपयोग को लेकर निर्धारित प्रतिबंधों की पालना करनी होगी। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला मजिस्ट्रेट, उपखंड मजिस्ट्रेट या सक्षम अधिकारी से लिखित अनुमति लेना आवश्यक होगा। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।

निर्धारित अधिकतम चुनाव खर्च सीमा के अनुसार, जिला परिषद सदस्य पद के अभ्यर्थी अधिकतम 3 लाख रुपए, पंचायत समिति सदस्य पद के अभ्यर्थी 1.50 लाख रुपए तथा सरपंच पद के अभ्यर्थी अधिकतम 1 लाख रुपए खर्च कर सकेंगे।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.