पंचायतीराज आम चुनाव 2026
पंचायत समिति सदस्य के नामांकन के दौरान अधिकतम 5 लोग ही रह सकेंगे उपस्थित
नामांकन के दौरान रैली की अनुमति नहीं, पंचायत समिति सदस्य के लिए दो और सरपंच पद के लिए एक वाहन ला सकेंगे अभ्यर्थी
टिब्बी। पंचायत समिति निर्वाचन क्षेत्र टिब्बी में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया को लेकर रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी टिब्बी ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन पत्र प्रस्तुत करते समय रिटर्निंग अधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में उम्मीदवार सहित अधिकतम पांच लोग ही उपस्थित हो सकेंगे।
नामांकन के दौरान उम्मीदवार को किसी भी प्रकार की रैली आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, रिटर्निंग अधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में पंचायत समिति सदस्य पद के उम्मीदवार अधिकतम दो तथा सरपंच पद के उम्मीदवार अधिकतम एक वाहन ला सकेंगे।
पंचायत समिति सदस्य टिब्बी के नामांकन के दौरान इन निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक उपखंड अधिकारी कार्यालय टिब्बी में पुलिस जाब्ता एवं महिला पुलिसकर्मी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, नामांकन स्थल से 100 मीटर की दूरी पर मुख्य सड़क पर सफेद चूने से लाइन लगाने के निर्देश विकास अधिकारी पंचायत समिति टिब्बी को दिए गए हैं, ताकि निर्धारित सीमा का स्पष्ट रूप से पालन हो सके। रिटर्निंग अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
