दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता शिविर
भादरा में दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता शिविर आयोजित, 43 लाभार्थियों को मिले रोडवेज स्मार्ट कार्ड
5 दिव्यांगों को यूडीआईडी कार्ड वितरित, 15 नए आये आवेदन
भादरा। दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति की ओर से सोमवार को मुख्य बस स्टैंड भादरा में दिव्यांग चिह्निकरण, रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण एवं आवेदन जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। छानीबड़ी उप-तहसीलदार मुकेश सहारण की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा रोडवेज निगम के सहयोग से लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण ने ‘सेवा ही परम धर्म’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि पीड़ित, असहाय, गरीब एवं बुजुर्गों की सहायता करना मानव का धर्म है। मानव सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। ‘नरसेवा नारायण सेवा’ की भावना के साथ मानवता की भलाई के लिए कार्य करना ही उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य है।
शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग हनुमानगढ़ के सहयोग से 5 दिव्यांग लाभार्थियों को यूडीआईडी कार्ड प्रदान किए गए। वहीं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सहयोग से दिव्यांगजन, वृद्धजन, वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न श्रेणियों के 43 लाभार्थियों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड का लाभ दिया गया। इसके अतिरिक्त स्मार्ट कार्ड से वंचित पात्र व्यक्तियों के 15 आवेदन लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई तथा उन्हें निगम की पास शाखा को भेजा गया। इन आवेदकों को आगामी दिनों में लाभ दिलवाया जाएगा।
शिविर के दौरान मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित दिव्यांगजनों को भी चिह्नित किया गया। उन्हें आगामी दिनों में जिला चिकित्सालय की मेडिकल बोर्ड टीम के माध्यम से आवश्यक जांच करवाकर दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र दिलवाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति की ओर से हनुमानगढ़ जिले के प्रत्येक उपखंड क्षेत्र में पहुंचकर दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर छानीबड़ी उप-तहसीलदार मुकेश सहारण, रोडवेज बुकिंग प्रभारी मांगेराम कुलड़िया, भादरा तहसील कार्यालय के कर्मचारी धर्मवीर गढ़वाल, समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण जाखड़ावाली, रोडवेज टिकट बुकिंग सहायक विकास कुमार सहित दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

