News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

वीर गाथा प्रोजेक्ट-6.0

वीर गाथा प्रोजेक्ट-6.0

वीर गाथा प्रोजेक्ट-6.0 के तहत विद्यार्थियों को वीरता पुरस्कार विजेताओं की प्रेरक गाथाओं से जोड़ेंगे

कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थी कविता, निबंध, चित्रकला एवं लघु वीडियो सहित विभिन्न गतिविधियों में लेंगे भाग

बीकानेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की ओर से प्रदेश के विद्यालयों में वीर गाथा प्रोजेक्ट-6.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परियोजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और नागरिक चेतना के मूल्यों का विकास करना तथा वीरता पुरस्कार विजेताओं के साहस, बलिदान और प्रेरणादायक जीवन प्रसंगों से विद्यार्थियों को परिचित करवाना है।

वीर गाथा परियोजना की शुरुआत वर्ष 2021 में की गई थी। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को वीरता पुरस्कार विजेताओं पर आधारित रचनात्मक गतिविधियों एवं परियोजनाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। वर्ष 2026-27 में रक्षा मंत्रालय के सहयोग से वीर गाथा-6.0 का आयोजन किया जाएगा।

कक्षा के अनुसार होंगी रचनात्मक गतिविधियां

परियोजना के तहत कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थी 150 शब्दों की कविता अथवा अनुच्छेद लेखन, चित्रकला एवं ड्राइंग जैसी गतिविधियों में भाग लेंगे। कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थी 300 शब्दों की कविता अथवा अनुच्छेद, चित्रकला, मल्टीमीडिया प्रस्तुति और लघु वीडियो तैयार कर सकेंगे। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 750 शब्दों का निबंध, कविता, चित्रकला, मल्टीमीडिया प्रस्तुति एवं लघु वीडियो जैसी गतिविधियां निर्धारित की गई हैं।

विद्यार्थियों को वीरता पुरस्कार विजेताओं के जीवन, उनके आदर्शों, देश के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान तथा भारतीय योद्धाओं की वीरता एवं सैन्य रणनीतियों से संबंधित विषयों पर रचनात्मक प्रस्तुतियां तैयार करनी होंगी।

19 अक्टूबर तक स्कूल स्तर की प्रविष्टियां अपलोड होंगी

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 से 19 अक्टूबर 2026 तक विद्यालय स्तर पर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों का चयन कर MyGov पोर्टल पर अपलोड करना होगा। कक्षा 5 तक के विद्यालय चार, कक्षा 8 तक के विद्यालय चार तथा कक्षा 10 तक के विद्यालय भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कुल चार प्रविष्टियां प्रस्तुत कर सकेंगे।

21 अक्टूबर से 14 नवंबर तक जिला स्तर पर प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर से 4 दिसंबर तक राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर मूल्यांकन होगा। राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन 8 से 28 दिसंबर तक किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की समिति 28 दिसंबर को परिणाम प्रस्तुत करेगी तथा शिक्षा मंत्रालय द्वारा 30 दिसंबर 2026 को रक्षा मंत्रालय को परिणाम अग्रेषित किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्तर पर 100 विद्यार्थियों का होगा चयन

परियोजना में राष्ट्रीय स्तर पर कुल 100 विजेताओं का चयन किया जाएगा। इनमें प्रारंभिक चरण यानी कक्षा 3 से 5 के 25, मध्य चरण यानी कक्षा 6 से 8 के 25 तथा माध्यमिक चरण यानी कक्षा 9 से 12 के 50 विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त राज्य एवं जिला स्तर पर भी निर्धारित मानदंडों के अनुसार विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को शिक्षा मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक राष्ट्रीय विजेता को रक्षा मंत्रालय की ओर से 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जिला एवं राज्य स्तर के विजेताओं को भी संबंधित स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

सभी विद्यालयों को भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

निदेशालय ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को परियोजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों की प्रविष्टियां निर्धारित MyGov पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि गतिविधियां पूर्ण होने के साथ ही सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियां अपलोड करें तथा अंतिम तिथि का इंतजार न करें। परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देश राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.