जिला निष्पादक समिति की बैठक
जिला निष्पादक समिति की बैठक में शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं प्रगति की समीक्षा
नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर व खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश
हनुमानगढ़। जिला निष्पादक समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला परिषद् मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री श्रद्धा गोमे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, अभियानों एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष एवं सघन प्रयास करने तथा अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
समग्र शिक्षा के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू करवाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक विद्यालय में रीडिंग कॉर्नर स्थापित करने एवं पुस्तकालयों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्यार्थियों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विद्यालयों में सभी प्रमुख खेल गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालयों से जोड़ने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। समसा के तहत प्राप्त बजट के उपयोग की स्थिति पर भी चर्चा हुई। विद्यालयों में आयोजित की जा रही निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के प्रत्येक आयोजन की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ईंट-भट्टा श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित नहीं रहे। साथ ही जिला रैंकिंग के प्रत्येक पैरामीटर पर विशेष रूप से कार्य करते हुए जिले की रैंकिंग में सुधार के प्रयास करने को कहा गया।
बैठक में सभी राजकीय एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों में ईएलसी के गठन की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला, उप निदेशक श्री प्रवेश सोलंकी, श्री च्याणन मल मार्गव, श्री यशपाल असीजा सहित शिक्षा विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
___


