माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक
माय भारत की गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा
जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को माय भारत अध्याय से जोड़ने तथा प्रत्येक संस्थान में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश
हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत से जोड़ने, उन्हें विभिन्न युवा गतिविधियों, प्रशिक्षण, अनुभव एवं अवसरों से लाभान्वित करने तथा विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय बढ़ाने पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला युवा अधिकारी श्रीमती प्रीति ने माय भारत के तहत संचालित कार्यक्रमों, वार्षिक कार्ययोजना, अब तक आयोजित गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण दिया। जिला कलक्टर ने जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को माय भारत अध्याय से जोड़ने तथा प्रत्येक संस्थान में माय भारत नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि गतिविधियों का प्रभावी संचालन और युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम के अवसर बढ़ाने पर जोर:
बैठक में अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम को युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान, कौशल एवं कार्यानुभव उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बढ़ाने पर चर्चा हुई। संबंधित विभागों को माय भारत के साथ समन्वय कर युवाओं के लिए अधिक से अधिक अनुभवात्मक शिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद में भागीदारी बढ़ाने के निर्देश
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2026-27 के संबंध में भी चर्चा हुई। प्रथम चरण में आयोजित विकसित भारत प्रश्नोत्तरी की जानकारी दी गई तथा आगामी चरणों में प्रस्तावित सांस्कृतिक गतिविधि, सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार तथा राष्ट्रीय युवा संसद सहित विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने इन गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत प्रस्तावित 100 सप्ताह के कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने, जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें सकारात्मक, रचनात्मक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया।
जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को युवाओं के लिए उपलब्ध योजनाओं, प्रशिक्षण, गतिविधियों एवं अवसरों को माय भारत के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने तथा विभागीय कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य जिले में माय भारत की गतिविधियों को व्यापक एवं प्रभावी बनाते हुए विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
बैठक में जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती श्रद्धा गोमे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय भार्गव, लीड बैंक मैनेजर श्री सुरेंद्र सिंह, जिला खेल अधिकारी श्री शमशेर सिंह, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग श्री विक्रम सिंह शेखावत, सीओ भारत स्काउट एवं गाइड्स श्री भारत भूषण, सचिव रेडक्रॉस सोसाइटी श्री रामनिवास मीणा, जिला रोजगार अधिकारी श्री दिनेश चौधरी, राजकीय मेडिकल महाविद्यालय हनुमानगढ़ से डॉ. सुनील बेनीवाल सहित विभिन्न विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि तथा माय भारत कार्यालय के कार्मिक उपस्थित रहे।
