हनुमानगढ़ की बेटी ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रचा इतिहास
राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ने आरती राव ने हनुमानगढ़ जिले का बढ़ाया मान
सहारणी गांव के बाबा सोमनाथ स्पोर्ट्स क्लब की एथलीट आरती राव ने 10 किलोमीटर दौड़ में 36 मिनट का समय लेकर जीता रजत पदक
ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत
टिब्बी। सहारणी गांव के बाबा सोमनाथ स्पोर्ट्स क्लब की होनहार एथलीट आरती राव रोड़ावाली ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जयपुर में आयोजित छठी इंडियन ओपन एथलेटिक्स राष्ट्रीय चैंपियनशिप की अंडर-23 श्रेणी में 10 किलोमीटर दौड़ में आरती ने 36 मिनट का समय लेकर रजत पदक हासिल किया।
क्लब के कोच सुनील सामरिया ने बताया कि आरती ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की अहम भूमिका रही है।
आरती की इस उपलब्धि से सहारणी गांव सहित पूरे टिब्बी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। बेटी ने साबित किया है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है। आरती की इस उपलब्धि पर बाबा सोमनाथ स्पोर्ट्स क्लब के सदस्यों ने बेटी व कोच सुनील सामरिया को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


