आदि गौरव सम्मान 2026
आदि गौरव सम्मान 2026: 21 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
जनजातीय समुदाय में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्ति, संस्थाएं और पंचायतें कर सकेंगी नामांकन
हनुमानगढ़। जनजातीय समुदाय के लोगों के उत्कृष्ट कार्यों और समाज में उनके अनुकरणीय योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की ओर से ‘आदि गौरव सम्मान-2026’ के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। ये सम्मान जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर, 2026 को समारोहपूर्वक प्रदान किए जाएंगे। पात्र व्यक्ति, संस्थाएं और पंचायतें निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार 21 अक्टूबर, 2026 को शाम 6 बजे तक जिला कलक्टर के समक्ष नामांकन प्रस्तुत कर सकेंगी।
जिला परिषद एसीईओ श्री देशराज बिश्नोई ने बताया कि योजना के तहत तीन श्रेणियों में सम्मान दिए जाएंगे। आदिरत्न गौरव सम्मान खेल, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, विज्ञान, तकनीकी और आजीविका सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुसूचित जनजाति वर्ग के व्यक्तियों को दिया जाएगा। इस श्रेणी में कुल 8 सम्मान प्रस्तावित हैं, जिनमें 4 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल होंगी।
आदिसेवा गौरव सम्मान अनुसूचित जनजाति समुदाय के लिए अनुकरणीय सामुदायिक सेवा करने वाले व्यक्तियों, पंचायतीराज संस्थाओं, गैर सरकारी एवं स्वैच्छिक संगठनों तथा समुदाय आधारित समूहों और संगठनों को दिया जाएगा। इस श्रेणी में कुल 4 सम्मान दिए जाने प्रस्तावित हैं।
इसी प्रकार, आदिग्रामोत्थान गौरव सम्मान जनजातीय समुदाय की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने वाली ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद को प्रदान किया जाएगा। इस श्रेणी में एक ग्राम पंचायत, एक पंचायत समिति और एक जिला परिषद का चयन किया जाएगा।
प्राप्त नामांकनों की जिला स्तर पर गठित स्क्रीनिंग कमेटी जांच करेगी। समिति विभिन्न पहलुओं और निर्धारित मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन कर अपनी अनुशंसा आयुक्त, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, उदयपुर को भेजेगी। जिला स्तर पर गठित समिति में जिला कलक्टर अध्यक्ष रहेंगे।
