आरओ का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
पंचायतीराज आम चुनाव: आरओ का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
मतदान, मतगणना और परिणाम घोषणा की प्रक्रिया समझाई, निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना के दिए निर्देश
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत पंच, सरपंच एवं उपसरपंच के चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए आयोजित रिटर्निंग अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। हनुमानगढ़ टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर राजकीय महाविद्यालय के महात्मा गांधी सभागार में आयोजित प्रशिक्षण के दूसरे दिन शेष अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के कानूनी एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव के मार्गदर्शन और उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेदी लाल मीना के पर्यवेक्षण में आयोजित प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने निर्वाचन ड्यूटी से जुड़े विभिन्न दायित्वों और प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया। इसमें चुनाव समय-सारणी, लोक सूचना जारी करने के प्रारूप, प्रारूप 4, 4घ, 6सी, 6ई, उपबंध 1 ‘ब’ तथा प्रतिभूति राशि से संबंधित वैधानिक प्रावधानों की जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनर श्री महेंद्रपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संयम, धैर्य और विवेक के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्र पर प्रक्रिया शुरू करने से पहले बैठक व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करने पर जोर दिया। साथ ही नामांकन पत्रों की संवीक्षा, जाति प्रमाण पत्र, प्रतिभूति राशि, स्वच्छ शौचालय संबंधी स्व-घोषणा पत्र तथा नीली स्याही से हस्ताक्षरित प्रारूप 4ख की अनिवार्यताओं के बारे में बताया।
मास्टर ट्रेनर श्री जगदीश सिंह सुथार ने वार्ड पंच के लिए फॉर्मेट 7अ और सरपंच पद के लिए फॉर्मेट 7 भरने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि संपूर्ण ग्राम पंचायत के लिए संबंधित फॉर्मेट अंग्रेजी भाषा में एक ही बार भरा जाना अनिवार्य है। वहीं, मास्टर ट्रेनर श्री चैन सिंह ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न वैधानिक प्रावधानों और निर्धारित समय-सारणी की पालना की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में मतदान समाप्ति, सीलिंग प्रक्रिया, मतपेटियों की सुरक्षा, मतगणना के नियमों और परिणाम घोषणा से संबंधित प्रपत्रों की जानकारी दी गई। प्रोजेक्टर एवं ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रस्तुतियां देकर प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। प्रशिक्षण स्थल पर पेयजल, अल्पाहार, उपस्थिति संधारण, प्राथमिक चिकित्सा और पार्किंग की व्यवस्थाएं भी की गईं।
प्रशिक्षण के समापन पर अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की कड़ाई से पालना करने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए।

