सालासर बालाजी और पल्लू जाने वाले पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन अलर्ट
सालासर और पल्लू पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए सड़क, चिकित्सा और यातायात व्यवस्थाएं मजबूत
दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाए, प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा शिविर स्थापित
हनुमानगढ़। सालासर बालाजी और पल्लू जाने वाले पदयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों की ओर से संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। सोमवार को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना में सड़क संधारण एजेंसियों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क संधारण एजेंसियों की ओर से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सड़क के किनारों का संधारण तथा मार्ग पर जमा निर्माण सामग्री और अन्य अवरोध हटाए जा रहे हैं। दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक, साइन बोर्ड, रोड मार्किंग और कैट-आईज लगाए जा रहे हैं। साथ ही पैदल यात्रियों के बैग पर रिफ्लेक्टर लगाने की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि वाहन चालकों को रात के समय पदयात्री दूर से दिखाई दे सकें।
पदयात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रमुख स्थानों पर अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित किए जा रहे हैं। टोल प्लाजा कोहला एवं नगराना तथा पीएचसी नौरंगदेसर सहित विश्राम स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल टीम की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। इन स्थानों पर आपातकालीन संपर्क नंबर और नजदीकी चिकित्सा केंद्रों की जानकारी भी प्रदर्शित करवाई गई है।
संवेदनशील क्षेत्रों में निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त कार्रवाई कर रहे हैं। इसके तहत बसों, ट्रकों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों के बैग पर भी रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। विभागों का उद्देश्य पदयात्रियों की दृश्यता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता श्री राम सिंह मीणा ने बताया कि पदयात्रियों की सड़क सुरक्षा से संबंधित समस्याओं और सहायता के लिए संपर्क नंबर 01552-294153 जारी किया गया है। श्रद्धालु आवश्यकता पड़ने पर इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
