मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
तंदूरवाली विद्यालय में मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
व्यावसायिक शिक्षा के तहत ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड की गतिविधि, छात्राओं को मिला कौशल निखारने का अवसर
टिब्बी। राजकीय विद्यालय तंदूरवाली में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड की ओर से मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन कौशल मित्र श्रीमती विमला के निर्देशन में व्यावसायिक प्रशिक्षक (VT) श्रीमती अनीता शर्मा द्वारा करवाया गया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता और मेहंदी लगाने के कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा भावना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 12 की पलक एवं कक्षा 9 की नाजमा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कक्षा 11 की जिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को विद्यालय स्टाफ की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मंजू सारण ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड से जुड़ी गतिविधियां छात्राओं को भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करने में सहायक हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने तथा व्यावसायिक कौशल को निखारने का अवसर मिला।

