News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

पंचायत चुनाव: तीसरे चरण में मतदान आज

पंचायत चुनाव: तीसरे चरण में मतदान आज

पंचायत चुनाव: तीसरे चरण में 3,390 पुलिस-होमगार्ड जवान संभालेंगे सुरक्षा की कमान, 38 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त

753 मतदान केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात, 72 मोबाइल पार्टियां करेगी निगरानी; सीमा पर 10 स्थायी नाके स्थापित

70 अति संवेदनशील मतदान लोकेशन पर विशेष सुरक्षा

हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले की छह पंचायत समितियों भादरा, नोहर, राजपुरा (8 बीएचडी), हनुमानगढ़ जंक्शन, पल्लू एवं पीलीबंगा में 3 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा 5 नवंबर को सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान होगा। चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3,390 पुलिस एवं होमगार्ड जवान तैनात किए गए है। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. खुशाल यादव ने तीसरे और चौथे चरण के लिए 38 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। इनमें तीसरे चरण के लिए 24 और चौथे चरण के लिए 14 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

तीसरे चरण में छह पंचायत समितियों के 753 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का विशेष पहरा रहेगा। इसके अलावा 205 ग्राम पंचायत मुख्यालयों और 70 अति संवेदनशील मतदान लोकेशन पर भी अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस मोबाइल पार्टियां लगातार गश्त करेगी, जबकि एरिया मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

हर मतदान केंद्र पर सुरक्षाकर्मी, कुल 3,390 जवान तैनात

पुलिस मुख्यालय के अनुसार तीसरे चरण के चुनाव में कुल 2,637 पुलिसकर्मी और 753 होमगार्ड स्वयंसेवक सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। पुलिस बल में जिला पुलिस के 958, जोधपुर ग्रामीण के 290, जोधपुर कम्युनिकेशन के 200, पीटीएस/पीएमडीएस बीकानेर के 70, पीटीएस/आरपीटीसी जोधपुर के 130, फलोदी के 150, जैसलमेर के 475, सीआईडी आईबी जयपुर के 125, आरएसी की तृतीय बटालियन के 75, जिला आरएसी की तृतीय बटालियन की ई कंपनी के 75 तथा एसडीआरएफ जयपुर के 60 जवान शामिल हैं। इस प्रकार 2,637 पुलिसकर्मी और 753 होमगार्ड स्वयंसेवकों सहित 3,390 जवान चुनाव के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।

जिले के सभी 753 मतदान केंद्रों पर दो-दो सुरक्षाकर्मी यानी कुल 1,506 जवान तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त भी सभी 205 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था के तहत प्रत्येक स्थान पर एक उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक अथवा हेड कांस्टेबल के साथ तीन कांस्टेबल तैनात रहेंगे। इस प्रकार इन स्थानों पर 820 पुलिसकर्मी अतिरिक्त सुरक्षा संभालेंगे। वहीं, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की 70 लोकेशन पर विशेष निगरानी के लिए 70 टीमों के माध्यम से 280 पुलिसकर्मी तैनात किए गए है।

72 मोबाइल पार्टियां करेगी लगातार गश्त

चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 72 पुलिस मोबाइल पार्टियों का गठन किया गया है। प्रत्येक पार्टी में एक उप निरीक्षक अथवा सहायक उप निरीक्षक प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मी रहेंगे। इस प्रकार मोबाइल पार्टियों में 288 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इनके साथ समन्वय के लिए 72 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 6 वरिष्ठ पुलिस पर्यवेक्षक और 18 पुलिस पर्यवेक्षक सहित कुल 24 पुलिस पर्यवेक्षी अधिकारी चुनाव व्यवस्था की निगरानी करेंगे। इन पर्यवेक्षी अधिकारियों के साथ 104 पुलिसकर्मी भी लगाए गए हैं। पंचायत समिति एवं थाना स्तर पर रिजर्व जाब्ता भी उपलब्ध रहेगा। जिला रिजर्व के 70 जवान, अंतरराज्यीय नाकाबंदी के लिए 40 पुलिसकर्मी, वायरलेस ऑपरेटर और ईवीएम सुरक्षा में तैनात जवान भी व्यवस्था का हिस्सा होंगे।

हरियाणा सीमा पर 10 स्थायी नाके, 24 घंटे होगी निगरानी

चुनाव के दौरान अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए हरियाणा सीमा पर 10 सशस्त्र स्थायी नाके स्थापित किए गए हैं। ये नाके 2 से 5 नवंबर तक लगातार 24 घंटे संचालित रहेंगे। नाकों से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की जाएगी तथा आवश्यक रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नोहर, भादरा, राजपुरा (8 बीएचडी), हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा एवं पल्लू क्षेत्रों में संबंधित पुलिस थानों के स्तर पर रिजर्व जाब्ता भी तैनात रहेगा।

38 एरिया मजिस्ट्रेट को सौंपी जिम्मेदारी

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. खुशाल यादव ने मतदान एवं मतगणना के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों चरणों में कुल 38 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। इनमें तीसरे चरण के लिए 24 और चौथे चरण के लिए 14 अधिकारी लगाए गए हैं। ये अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट के कार्यों का पर्यवेक्षण करने के साथ पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

तीसरे चरण में भादरा पंचायत समिति के डाबड़ी, नेठराना एवं गांधीबड़ी क्षेत्रों में एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। नोहर में देईदास, फेफाना, रामगढ़, सोनड़ी, खुइयां एवं ललाना उतरादा, हनुमानगढ़ जंक्शन में बनवाला, मक्कासर, जोड़कीयां एवं डबली बास मौलवी, पल्लू में पल्लू, बरमसर एवं झेदासर तथा पीलीबंगा में पीलीबंगा, खोथांवाली, लखासर, रामपुरा एवं जाखड़ांवाली क्षेत्र शामिल हैं। राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समिति के गेऊ, डूंगराना एवं अजीतपुरा क्षेत्रों में भी एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

चौथे चरण के लिए हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति के रामसरा नारायण, किशनपुरा दिखनादा एवं लखूवाली, रावतसर के 99 आरडी, 4 डीब्‍ल्यूएम, थालड़का एवं 34 आरडब्ल्यूडी, संगरिया के चक हीरासिंह वाला, दीनगढ़ एवं मानकसर तथा टिब्बी के बशीर, पीरकामड़िया, सिलवाला खुर्द एवं 12 डीबीएल क्षेत्रों में एरिया मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है।

इसके अतिरिक्त नोहर उपखंड क्षेत्र के लिए राजस्व अपील अधिकारी श्री परसराम मीणा को ओवरऑल एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। राजपुरा (8 बीएचडी) क्षेत्र में सरपंच मतदान एवं मतगणना के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संगरिया उपखंड अधिकारी श्री जय कौशिक, पीलीबंगा क्षेत्र की टिब्बी उपखंड अधिकारी श्री बाबूलाल तथा पल्लू क्षेत्र की रावतसर उपखंड अधिकारी श्री शुभम शर्मा को सौंपी गई है। वहीं, फील्ड अटैचमेंट के तहत पीलीबंगा में प्रशिक्षु आरएएस दीक्षा लोहिया एवं श्री रविंद्र सिंह तथा भादरा में प्रशिक्षु नायब तहसीलदार श्री भूपेंद्र कुमार को नियुक्त किया गया है।

2 नवंबर को रवाना हुए मतदान दल, ईवीएम की सुरक्षा के भी इंतजाम

तीसरे चरण के मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी 2 नवंबर को डीएवी कॉन्वेंट स्कूल, हनुमानगढ़ जंक्शन के खेल मैदान से होगी। नोहर, पल्लू, भादरा एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों के मतदान दल सुबह 10:30 बजे तथा हनुमानगढ़ जंक्शन, राजपुरा (8 बीएचडी) और पीलीबंगा के मतदान दल दोपहर 12 बजे रवाना होंगे।

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव ईवीएम से होंगे, जबकि सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव मतपत्रों से करवाए जाएंगे। मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम को पुलिस सुरक्षा एवं मोबाइल पार्टियों की निगरानी में निर्धारित संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद ईवीएम राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, हनुमानगढ़ जंक्शन में जमा करवाई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित

चुनाव संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं आपात स्थितियों से निपटने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चुनाव कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 01552-261104 है। इसके अलावा जिला पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 100 और 01552-261105 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस प्रशासन ने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं जवानों को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदान केंद्रों से लेकर संवेदनशील क्षेत्रों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें और मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.