E-Manas/ई-मानस

E Manas

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान

किसान सेवा केंद्र संगरिया में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में जिला स्तरीय कार्यक्रम

राज्य किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी ने किया विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 पुस्तिका का विमोचन

"जल है तो कल है" थीम पर किसानो को किया जागरूक, पौधारोपण व सूक्ष्म सिंचाई अपनाने पर दिया जोर

हनुमानगढ़। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग तथा कृषि विज्ञान केन्द्र संगरिया के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को "वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान" के जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र के मेला प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को जल संरक्षण, जल की महत्ता और संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिलाओं, अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य किसान आयोग अध्यक्ष श्री सीआर चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल है तो कल है, यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य की कुंजी है। उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए ‘प्रति बूंद अधिक उत्पादन’ की सोच अपनाने और खेतों में ड्रिप व स्प्रिंकलर प्रणाली के प्रयोग की अपील की। जिला कलेक्टर काना राम ने किसानों से ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करने का आह्वान किया और ‘हरियालो राजस्थान अभियान’ को जन-आंदोलन बनाने की अपील की। किसानों से जल बचत हेतु सुक्ष्म सिंचाई योजना, ड्रीप व फव्वारा पद्धति अपनाने का आग्रह किया बीजेपी जिला अध्यक्ष श्री प्रमोद डेलू ने किसानों को केन्द्र व राज्य सरकार की किसान-हितैषी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। पूर्व विधायक गुरदीप शाहपीनी ने सिंचाई हेतु पक्के खालों के निर्माण के लिए राज्य सरकार का आभार जताया। उपखंड अधिकारी जय कौशिक ने सभी उपस्थितजनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।  

प्रगतिशील किसान श्री शमशेर सिंह ने 70 बीघा कपास में ड्रिप प्रणाली अपनाने के अपने सफल अनुभव साझा कर अन्य किसानों को भी प्रेरित किया। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर "विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025" नामक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया, जो किसानों के लिए तकनीकी और योजनागत जानकारी का महत्वपूर्ण स्रोत बनेगी। 

आयोजन में पुलिस उप अधीक्षक श्री करण सिंह, तहसीलदार श्रीमती मोनिका बंसल, ब्लॉक अध्यक्ष विजय राठी, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. प्रमोद यादव, उपनिदेशक उद्यान डॉ. रमेश बराला, आत्मा उपनिदेशक डॉ. सुभाष डूडी, सहायक निदेशक बलकरण सिंह, साहबराम गोदारा सहित कृषि व उद्यान विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारी-कर्मचारी, अम्बुजा फाउंडेशन व विभिन्न कम्पनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच  संचालन सहायक कृषि अधिकारी श्री मोहन सिंह मान ने किया।










Post a Comment

Previous Post Next Post
E-Manas/ई-मानस