गरिमापूर्ण और समारोह पूर्वक मनाया गणतंत्र दिवस
गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम, गरिमापूर्ण और समारोह पूर्वक मनाया गया 77वा गणतंत्र दिवस
हनुमानगढ़। 77वां गणतंत्र दिवस जिले भर में सोमवार को गरिमापूर्ण और समारोह पूर्वक मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने 9.15 बजे ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इससे पहले जिला कलेक्टर डॉ. यादव ने सुबह 8.15 बजे जिला कलेक्टर निवास पर और 8.30 बजे जिला कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया। सभी राजकीय कार्यालयों पर कार्यालय अध्यक्षों के द्वारा 8.30 बजे ध्वजारोहण किया गया।
जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर के अलावा पुलिस अधीक्षक श्री हरी शंकर, हनुमानगढ़ विधायक श्री गणेशराज बंसल, जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद डेलू, जनप्रतिनिधि श्री अमित सहू, श्री देवेंद्र पारीक, एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना, श्री बलवीर बिश्नोई, श्री प्रदीप ऐरी, श्री संजय शर्मा, श्री सुरेंद्र तिवाड़ी, श्री कृष्ण तायल, श्री आशीष पारीक, श्री ओम सोनी, नगर परिषद पूर्व चेयरमैन श्री सुमित रणवां, हनुमानगढ़ एसडीएम श्री मांगीलाल, सीईओ जिला परिषद श्री ओपी बिश्नोई, डीएफओ श्री सुरेश कुमार, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला, द्रोणाचार्य अवॉर्डी श्री आरडी सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल थे।
जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. यादव द्वारा ध्वजारोहण करने के बाद राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। पुलिस लाइन में तैनात उपाधीक्षक श्री राजेंद्र कुमार ने परेड का निरीक्षण करवाया। परेड में विभिन्न सुरक्षा और शिक्षा संगठनों ने अपनी भागीदारी से कार्यक्रम को भव्य रूप से प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने परेड में शामिल दलों का निरीक्षण किया, जिनमें थर्ड आर.ए.सी. कम्पनी, राजस्थान पुलिस, होम गार्ड्स, नेशनल कैडेट कोर (NCC), भारत स्काउट गाइड्स, और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इन दलों का नेतृत्व विशिष्ट अधिकारियों ने किया।
परेड के साथ ही बैण्ड प्रदर्शन का आयोजन भी हुआ, जहां पुलिस और विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने शानदार धुनों का प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए, जिससे वातावरण में उत्सव का माहौल बन गया। महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदी लाल मीना द्वारा किया गया। इसके बाद व्यायाम प्रदर्शन हुआ, जिसका नेतृत्व प्रशिक्षकों ने किया। इसके साथ ही घुड़सवारी दस्ते में तैनात पुलिस निरीक्षक श्री मांगीलाल ने घुड़सवारी करते हुए करतब दिखाएं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
हनुमानगढ़ टाउन स्थित डी.ए.वी. सैनटेनरी पब्लिक स्कूल द्वारा ‘चन्दन है इस देश की माटी’, हनुमानगढ़ टाउन में स्थित व्यापार मण्डल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘मेरे देश की धरती सोना उगले’ की शानदार प्रस्तुति दी। हनुमानगढ़ जंक्शन के नेशनल पब्लिक स्कूल ने ‘वन्दे मातरम्’ की ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति देकर माहौल देशभक्ति से सराबोर कर दिया। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय के विद्यार्थियों ने भावपूर्ण ‘सरफरोशी की तमन्ना’ प्रस्तुत कर सभी को अभिभूत कर दिया। हनुमानगढ़ टाउन के सेठ राधा कृष्ण उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोहला द्वारा गिद्दा–भंगड़ा की संयुक्त रंगारंग प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित गुरु हरिकिशन उच्च माध्यमिक विद्यालय ने पारंपरिक घूमर प्रस्तुत कर राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी। हनुमानगढ़ जंक्शन की सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने मनभावन पंजाबी लोकनृत्य प्रस्तुत किया। हनुमानगढ़ टाउन के लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल ने मधुर ‘ऐसा देश है मेरा’ की प्रस्तुति से देशभक्ति का भाव और प्रगाढ़ किया। वहीं जण्डावाली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने उमंग से भरपूर राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को देशभक्ति पूर्ण बना दिया।
पारितोषिक वितरण
कार्यक्रम में 82 कर्मचारियों, अधिकारियों और समाज सेवियों को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके साथ ही 2 उत्कृष्ट गौशालाओं, 5 वीर गाथा प्रोजेक्ट 5.0 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। वीरांगनाओं तथा लोकतंत्र सेनानियों का भी शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
झांकी प्रदर्शन रही मुख्य आकर्षण
जिला स्तरीय कार्यक्रम में यातयात, साइबर, नशा मुक्त, कृषि एवं उद्यानिकी, सरस डेयरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता ने महत्वपूर्ण योजनाओं को लेकर, वन विभाग ने पंच गौरव के तहत शीशम, जिला परिषद ने विकसित भारत जी राज जी, जिला परियोजना समन्वयक सामग्री शिक्षा ने बच्चियों के खेलों और आत्मरक्षा, नवजीवन नशा मुक्त केंद्र की और से नशा मुक्ति को लेकर, सहकारिता विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, डिस्कॉम की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत घरों की छतों पर सोलर पैनल को लेकर, महिला अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर परिषद ने अग्नि शमन केंद्र को लेकर लाइव डेमोंस्ट्रेशन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इसमें पुलिस विभाग ने प्रथम तथा नगर परिषद ने द्वितीय व कृषि एवं उद्यान की विभाग ने तृतीय स्थान हासिल किया। इनमें अधिकतर झाकियों में खास यह था कि झांकियों की चालक महिलाए थी।
राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में मंच संचालन नवज्योति विकलांग संस्थान के श्री भीष्म कौशिक और सतीपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की उप प्रधानाचार्य श्रीमती सरिता राघव की ओर से किया गया।
बच्चियों ने दी राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की प्रस्तुति
जिला स्तरीय कार्यक्रम के अलावा कलेक्टर निवास और जिला कलेक्ट्रेट परिसर में झंडारोहण के दौरान एनपीएस स्कूल की बच्चियों ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की प्रस्तुति दी।
पत्रकार बनाम प्रशासन मैत्री क्रिकेट मैच में पत्रकार एकादश ने दी पटखनी
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के उपरांत प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पत्रकार एकादश और पुलिस—प्रशासन एकादश की टीम के मध्य मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन जिला क्लब में किया गया। इस मैच में टॉस जीतते हुए प्रशासन एकादश ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। प्रशासन एकादश की टीम निर्धारित 12 ओवर में 62 रन ही बना सकी। प्रशासन एकादश की तरफ से जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, एसपी श्री हरी शंकर, जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई, एडिशनल एसपी श्री अरविंद बिश्नोई सहित अधिकारियों ने हिस्सा किया। पत्रकार एकादश की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 2 गेंद शेष रहते ही 63 रन का लक्ष्य पार कर लिया, तथा 8 विकेट से जीत दर्ज की। मैच के बाद जिला कलेक्टर तथा एसपी ने मैत्री मैच की प्रशंसा करते हुए प्रशासन तथा पत्रकार के मध्य आपसी सामंजस्य को बढ़ाने की बात कही। मैच में वरिष्ठ पत्रकार श्री श्याम मिश्रा, श्री मनोज गोयल, श्री बालकृष्ण थरेजा, श्री ललित मोहन तथा श्री राजू रामगढ़िया के साथ बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।




