सिलवाला की बेटी का राजस्थान वॉलीबॉल टीम चयन
वॉलीबॉल खेलगांव सिलवाला की बेटी मनिता भांभू का राजस्थान सीनियर महिला वॉलीबॉल में हुआ चयन, गांव में खुशी की लहर,
4 से 11 जनवरी तक वाराणसी में राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान टीम का करेगी प्रतिनिधित्व
टिब्बी। ब्लॉक के सिलवाला खुर्द गांव की बेटी मनिता भांभू का 72वीं राष्ट्रीय सीनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2025 के लिए चयन होने पर गांव में खुशी की लहर है। बेटी ने माता पिता, परिजनों व गांव को गौरवान्वित किया है।
राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रशिक्षक बसंत सिंह मान ने बताया कि भारतीय वॉलीबॉल महासंघ द्वारा 4 से 11 जनवरी तक उत्तरप्रदेश के वाराणसी में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेगी। खेल गांव सिलवाला खुर्द के वॉलीबॉल खेल मैदान की खिलाड़ी मनिता भांभू पुत्री श्री विनोद भाम्भू का चयन राजस्थान महिला सीनियर वॉलीबॉल टीम में हुआ है। मनिता के परिवार में दर्जनों वॉलीबॉल के खिलाड़ी है जो अनेकों बार राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके है। मनिता राजस्थान वॉलीबॉल संघ के प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण शिविर के समाप्त होने पर राजस्थान टीम के साथ वाराणसी रवाना होगी।
उनके चयन पर राष्ट्रीय प्रशिक्षक बसंत सिंह मान ने राजस्थान वॉलीबॉल संघ के महासचिव अंजू सिंह जाखड़, अध्यक्ष रामानंद चौधरी, राजस्थान ओलिंपिक संघ के महासचिव रामावतार सिंह जाखड़ और समस्त चयन समिति का आभार व्यक्त किया। मनिता के चयन की सूचना मिलने पर गांव के बाबा बलजीत सिंह, जिला वॉलीबॉल संघ हनुमानगढ़ के सचिव रणजीत सिंह मान, राष्ट्रीय प्रशिक्षक निर्मल सिंह पूनिया व गुरप्रीत सिंह, हरविंदर सिंह बराड़, प्रधानाचार्य विनोद भाम्भू, मनीराम लेघा, प्रधानाध्यापक फौजीराम, निर्मल सिंह मान, दर्शन सिंह भाईका, जगसीर सिंह खालसा, सुधीर बगडिया सहित जिला वॉलीबॉल संघ हनुमानगढ़ के समस्त पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी।
खास बात ये है कि टिब्बी क्षेत्र के गांव सिलवाला खुर्द अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल में पहचान बना चुके है। यहां कोच बसंत सिंह मान के मार्गदर्शन में निशुल्क प्रशिक्षित सैकड़ों महिला व पुरुष खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गांव का नाम रोशन कर चुके हैं। खेल प्रतिभाओं के कारण ही सिलवाला खुर्द को ' वॉलीबॉल खेल गांव' के रूप में जाना जाता है।
