News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

जिला उत्थान योजना के तहत जिले में जनसुविधाओं के लिए 1556.26 लाख रुपये की लागत से 15 महत्वपूर्ण विकास कार्य स्वीकृत

जिला उत्थान योजना के तहत जिले में जनसुविधाओं के लिए 1556.26 लाख रुपये की लागत से 15 महत्वपूर्ण विकास कार्य स्वीकृत

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना से हनुमानगढ़ को विकास की सौगात: 1556.26 लाख के 15 कार्य स्वीकृत

हनुमानगढ़। राज्य सरकार की डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत जिले में आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 1556.26 लाख रुपये की लागत से 15 महत्वपूर्ण विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। योजना का उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर गैप की पहचान कर उन्हें दूर करना और संतुलित व समग्र विकास सुनिश्चित करना है। इन कार्यों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता वाली जिला मिशन टीम के पास है, जो प्राथमिकताओं के आधार पर परियोजनाओं की मॉनिटरिंग और प्रगति सुनिश्चित करेगी।

जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई के मुताबिक योजना के अंतर्गत उपखंड मुख्यालय नोहर में 500 लाख रुपये से 10 हजार वर्गमीटर का आधुनिक कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा, जबकि हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में 250 लाख रुपये से मिनी ऑडिटोरियम का निर्माण होगा। खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए राजीव गांधी स्टेडियम में 160 लाख रुपये से इंडोर हॉल व मल्टीपर्पज शेड, रावतसर के पीएमश्री विद्यालय में 70 लाख रुपये से इंडोर स्टेडियम, जिला क्लब में 70 लाख रुपये से मल्टीपर्पज शेड व चेंजिंग रूम तथा टिब्बी स्थित महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में 30 लाख रुपये से रनिंग ट्रैक, कोर्ट और लाइटिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।

कृषि क्षेत्र में मंडियों की सुविधाएं मजबूत करने हेतु पीलीबंगा मंडी में 109.24 लाख और भादरा मंडी में 99.90 लाख रुपये के कार्य होंगे। टिब्बी की तलवाड़ा कृषि उपज मंडी समिति सबयार्ड में 67 लाख रुपये की लागत से कॉमन ऑक्शन प्लेटफॉर्म का निर्माण होगा। जिला प्रयोगशाला में 84.62 लाख रुपये से हैवी मेटल जांच के लिए एटॉमिक एब्जॉर्प्शन (AAS) यूनिट स्थापित की जाएगी, जिससे जांच क्षमता और गुणवत्ता नियंत्रण में सुधार होगा। इसके अतिरिक्त जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में 50 लाख रुपये से शेड निर्माण, पीलीबंगा के गांधी स्टेडियम में 25 लाख रुपये से ट्रैक संबंधित कार्य तथा पीलीबंगा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 20 लाख रुपये से खेल सुविधाओं हैडबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट का विस्तार किया जाएगा। हनुमानगढ़ कृषि उपज मंडी समिति में 10.50 लाख रुपये से आधुनिक सामान्य सुविधाएं व शौचालय ब्लॉक तैयार किए जाएंगे।

उद्यमिता प्रोत्साहन के लिए एमएसएमई केंद्र को 10 लाख रुपये से हनुमानगढ़ एंटरप्रेन्योरशिप फैसिलिटेशन सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां युवाओं और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, ऋण आवेदन प्रक्रिया तथा प्रशिक्षण व सेमिनार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह योजना जिले के संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बुनियादी ढांचे में सुधार, खेल व शिक्षा सुविधाओं का विस्तार, कृषि विपणन व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.