बजट 2026-27
बजट 2026-27 पर संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनियां बोले- आमजन की उम्मीदों पर खरा नहीं है बजट, हर वर्ग को किया निराश
राजस्थान का यह बजट केन्द्रीय बजट की तरह ही आमजन की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है। प्रदेश का युवा लंबे समय से रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और स्थायी अवसरों की आस लगाए बैठा था, लेकिन बजट में रोजगार सृजन का कोई स्पष्ट और समयबद्ध रोडमैप दिखाई नहीं देता।
निजी क्षेत्र में निवेश और उद्योग विस्तार के जरिए रोजगार बढ़ाने की ठोस नीति का अभाव साफ नजर आता है। महिला सुरक्षा जैसे गंभीर विषय और बीकानेर में खेजड़ी संरक्षण को लेकर धरने पर बैठे लोगों की भावनाओं व पर्यावरण संरक्षण के महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी सरकार कोई विशेष कानून या मजबूत व्यवस्था प्रस्तुत नहीं कर पाई।
सरकार ने सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएँ घोषित की हैं, लेकिन कृषि प्रधान क्षेत्रों और देश के प्रमुख अनाज उत्पादन, अन्न भण्डार जिलों श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के किसान साथियों की जीवन रेखा गंग कैनाल, भाखड़ा, IGNP नहर के पेयजल को लेकर कोई ठोस योजना प्रस्तुत नहीं की।
'नहीं सहेगा राजस्थान' के नारे के साथ सत्ता में आई भाजपा सरकार ने किसान कर्जामुक्ति, खाद-बीज की सुलभ उपलब्धता, और उर्वरक की बढ़ती कीमतों पर एक भी ठोस बात नहीं की, जिससे अन्नदाता का अपमान हुआ है। राजस्थान का हर वर्ग—युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी, महिला, कर्मचारी—अब राजस्थान सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार बैठा है।
