दिव्यांग एक्टिविटी फेस्टिवल
विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर दिव्यांग एक्टिविटी फेस्टिवल आयोजित
हनुमानगढ़। विश्व सामाजिक न्याय दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जंक्शन स्थित जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र, राजीव गांधी स्टेडियम में दिव्यांग एक्टिविटी फेस्टिवल के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे शतरंज प्रतियोगिता से हुई।
फेस्टिवल में गैर-प्रतिस्पर्धात्मक खेलों जैसे शतरंज, बुग्गी, शू-रेस, कैरम और ड्रॉइंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय, हनुमानगढ़ सहित जिले के अन्य दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला खेल अधिकारी श्री शमशेर सिंह ने बताया कि राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, जयपुर के निर्देशानुसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधिया अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, जिला खेल अधिकारी श्री शमशेर सिंह, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक श्री विक्रम सिंह, नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय के निदेशक डॉ. ललित सोनी, श्री बलवंत सिंह, श्री भीष्म कौशिक, श्री ओमप्रकाश सैन, अल्पकालीन प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं आमजन उपस्थित रहे।


