विशेष गहन पुनरीक्षण के तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, अब जिले में पंजीकृत मतदाता 13,90,900
हनुमानगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 27 अक्टूबर, 2025 को राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया गया था।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती संजू पारीक ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 4 नवंबर से 11 दिसंबर, 2025 तक गणना चरण के बाद प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 13,77,618 थी। आयोग के कार्यक्रम अनुसार 16 दिसंबर, 2025 से 19 जनवरी, 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं। इस अवधि में जिले में 15,521 फॉर्म-6/6ए, 2,163 फॉर्म-7 तथा 8,617 फॉर्म-8 प्राप्त हुए।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने सभी दावे-आपत्तियों की सूचियां निर्धारित प्रपत्रों में तैयार कर कार्यालय नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित कीं तथा साप्ताहिक आधार पर मान्यता प्राप्त दलों से साझा भी किया। सभी प्राप्त आवेदनों का निस्तारण कर 21 फरवरी, 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जा रही ही। इसमें 13,282 मतदाताओं की वृद्धि (लगभग 0.9 प्रतिशत) के बाद जिले में कुल पंजीकृत मतदाताओं संख्या बढ़कर 13,90,900 हो गई, जिनमें 7,28,358 पुरुष, 6,62,513 महिलाएं और 29 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची की एक सॉफ्ट कॉपी (फोटो रहित) और एक हार्ड कॉपी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्तर पर निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। साथ ही बताया गया कि सूची जिला निर्वाचन अधिकारी व मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in तथा https://voters.eci.gov.in वोटर्स पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध है, जहां मतदाता ईपिक सर्च के माध्यम से अपना नाम देख सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ना, हटाना और संशोधन की प्रक्रिया सतत जारी रहती है। इसके लिए फॉर्म 6 मय घोषणा-पत्र, 7 और 8 ऑनलाइन पोर्टल या संबंधित बीएलओ के माध्यम से भरे जा सकते हैं। किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्णय से असंतुष्ट होने पर प्रथम अपील 15 दिन के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष तथा द्वितीय अपील 30 दिन के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती संजू पारीक, आम आदमी पार्टी से श्री सचिन कौशिक व श्री राजवीर, आईएनसी से श्री गुरमीत चंदड़ा, भाजपा से श्री कृष्ण तायल, बसपा से श्री नवीन बाकोलिया, आरएलपी से श्री पोखर राय तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के श्री बलवीर सिंह, श्री पवन कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



