News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना

हनुमानगढ़ से तिरुपति बालाजी के लिए विशेष एसी ट्रेन रवाना

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत 960 श्रद्धालु हुए शामिल

हनुमानगढ़। राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत गुरुवार को हनुमानगढ़ से दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तिरुपति बालाजी के लिए विशेष वातानुकूलित ट्रेन रवाना की गई। ट्रेन को हरी झंडी दिखाने से पहले मुख्य द्वार पर रिबन काटकर नारियल फोड़ा गया तथा विशेष पूजा-अर्चना करवाई गई। ट्रेन रवाना होते समय रेलवे स्टेशन भक्तिमय माहौल में नजर आया। “गोविंदा-गोविंदा” और “जय बालाजी” के जयकारों के बीच वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर आस्था और उत्साह साफ दिखाई दिया।

इस विशेष ट्रेन से राजस्थान भर से कुल 960 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा पर रवाना हुए हैं। इनमें हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले से 100-100 यात्री शामिल हैं, जबकि शेष यात्री अन्य जिलों से चयनित किए गए हैं। यह यात्रा पूरी तरह निःशुल्क है तथा सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा की गई हैं।

6 दिन में होंगे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री ओमप्रकाश ने बताया कि यात्रा 6 दिनों की होगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी, पद्मावती माता मंदिर सहित आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा कार्यक्रम इस प्रकार तैयार किया गया है कि वरिष्ठ नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हर कोच में कर्मचारी, मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध

यात्रा के लिए विशेष एसी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। ट्रेन के प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी तैनात हैं। इसके साथ ही मेडिकल स्टाफ, डॉक्टर, मेल नर्स और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है। संपूर्ण यात्रा की निगरानी के लिए एक राजपत्रित अधिकारी भी साथ चल रहा है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि श्री देवेंद्र अग्रवाल, मैना बाई और श्री विजय कौशिक, पंडित गिरिराज शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने योजना को राज्य सरकार की संवेदनशील पहल बताया।

तीर्थयात्रियों में उत्साह एवं खुशी की झलक

ट्रेन रवाना होने से पहले प्लेटफॉर्म पर भावुक दृश्य देखने को मिले। तीर्थयात्री श्री रमेश कुमार ने कहा कि सरकार की इस योजना से उन्हें सम्मान और सुविधा के साथ तीर्थ यात्रा का अवसर मिला है। ट्रेन के चलने के साथ ही यात्रियों ने हाथ हिलाकर विदाई दी, वहीं परिजनों के चेहरों पर संतोष झलक रहा था।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.