प्रगतिशील किसानो का भ्रमण दल रवाना
अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण दल रवाना
सात दिवसीय भ्रमण में आधुनिक खेती की तकनीक सीखेंगे हनुमानगढ़ के 50 प्रगतिशील किसान
हनुमानगढ़। कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत जिले के चयनित युवा प्रगतिशील कृषकों के अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण दल को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से रविवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह सात दिवसीय भ्रमण 8 फरवरी से 14 फरवरी, 2026 तक हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के प्रमुख कृषि, पशुपालन एवं अनुसंधान संस्थानों में आयोजित किया जाएगा।
जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कृषकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भ्रमण के दौरान संस्थानों में उपलब्ध नवीन तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों और अनुसंधान कार्यों का गहन अध्ययन करें तथा प्राप्त ज्ञान को अपने गांवों एवं स्थानीय किसानों तक पहुंचाकर उन्हें भी आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करें, जिससे कृषि प्रधान हनुमानगढ़ जिले के किसानों को अधिक लाभ मिल सके।
कृषि (आत्मा) उपनिदेशक डॉ. सुभाष चन्द्र डूडी ने बताया कि जिले की सभी पंचायत समितियों से चयनित 50 युवा प्रगतिशील किसान इस भ्रमण दल में शामिल हैं। भ्रमण के दौरान किसान चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार, केन्द्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान हिसार, राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान करनाल, केन्द्रीय गेहूं अनुसंधान संस्थान, केन्द्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान करनाल, भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, केन्द्रीय आलू अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम (मेरठ), सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ तथा भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान पूसा (नई दिल्ली) सहित प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण करेंगे।
कृषक इन संस्थानों में वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों से संवाद कर सजीव प्रदर्शनों के माध्यम से आधुनिक कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, जैविक खेती एवं नवाचारी खेती तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे। साथ ही उन्हें उन्नत बीज किस्में, सिंचाई जल प्रबंधन, मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक व कीटनाशी उपयोग, समेकित खेती प्रणाली, संरक्षित खेती, व्यावसायिक पशुपालन, वैज्ञानिक प्रबंधन एवं फसल अवशेष प्रबंधन जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण मिलेगा।
भ्रमण दल को रवाना करते समय उद्यान उपनिदेशक डॉ. रमेश चन्द्र बराला, कृषि सहायक निदेशक डॉ. संजीव भादू, उप परियोजना निदेशक आत्मा श्री करणजीत सिंह सहित कृषि विभाग का स्टाफ, किसान मौजूद रहे।
___


