मानस अभियान में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
मानस अभियान 2.0 के तहत फरवरी में नशा मुक्ति संदेश के साथ वॉलीबॉल प्रतियोगिताए, ग्राम से जिला स्तर तक मुकाबले
13 से 14 फरवरी को ब्लॉक स्तर, 21 फरवरी को जिला स्तरीय प्रतियोगिता
![]() |
हनुमानगढ़। जिले में नशा मुक्ति के उद्देश्य से संचालित मानस अभियान 2.0 के अंतर्गत फरवरी 2026 माह में खेल गतिविधियों के आयोजन की कड़ी में वॉलीबॉल (स्मैशिंग) प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता पुरुष एवं महिला वर्ग में ग्राम पंचायत, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आयोजित हो रही है।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशानुसार जारी कार्यक्रम के अनुसार ग्राम पंचायत स्तर पर 7 फरवरी, 2026 को प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। वहीं ब्लॉक स्तर पर 13–14 फरवरी, 2026 को तथा जिला स्तर पर 21 फरवरी, 2026 को खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन राजीव गांधी स्टेडियम, हनुमानगढ़ जंक्शन में किया जाएगा।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री पन्नालाल कड़ेला ने समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानस अभियान 2.0 के तहत निर्धारित खेल गतिविधियों का आयोजन पूर्व में संचालित मानस 1.0 अभियान की गाइडलाइन के अनुसार सुनिश्चित हो।
ब्लॉकवार टीमों की भागीदारी
ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में जिलेभर से कुल 132 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें 107 पुरुष टीम एवं 25 महिला टीम शामिल हैं। हनुमानगढ़ से 29 (25 पुरुष, 4 महिला), नोहर से 30 (23 पुरुष, 7 महिला), रावतसर से 14 (10 पुरुष, 4 महिला), पीलीबंगा से 22 (18 पुरुष, 4 महिला), संगरिया से 19 (15 पुरुष, 4 महिला), टिब्बी से 8 (6 पुरुष, 2 महिला), भादरा से 10 टीमों (10 पुरुष, महिला टीम नहीं) ने हिस्सा लिया।
नशा मुक्ति के साथ खेलों को बढ़ावा
मानस अभियान 2.0 के तहत आयोजित ये प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखने, सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन एवं खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही हैं। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अनुसार खेल गतिविधियों के माध्यम से समाज में नशा मुक्ति का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। इन प्रतियोगिताओं को लेकर जिलेभर के खिलाड़ियों और युवाओं में उत्साह है।
___

