कलेक्टर क्लास के लिए चयन प्रवेश परीक्षा
कलेक्टर क्लास के लिए विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह, चयन प्रवेश परीक्षा सम्पन्न
9 फरवरी से एनएमपीजी कॉलेज में शुरू होंगी नियमित कक्षाएं
विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग के साथ निःशुल्क लाइब्रेरी सुविधा
हनुमानगढ़। आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए जिले में शुरू की जा रही कलेक्टर क्लास को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। निःशुल्क कोचिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किए। अधिक आवेदनों को देखते हुए रविवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज (एनएमपीजी) में चयन प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा नोडल अधिकारी डॉ. रामपाल अहरोदिया ने बताया कि परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा में सामान्य ज्ञान के 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए और ओएमआर आधारित इस परीक्षा के आधार पर चयन किया गया, जिसका परिणाम तुरंत जारी कर दिया गया। चयनित विद्यार्थियों के लिए 9 फरवरी, 2026 से एनएमपीजी कॉलेज में नियमित कक्षाओं की शुरुआत होगी। विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग के साथ-साथ निःशुल्क लाइब्रेरी सुविधा भी प्रदान की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को 9 फरवरी को आधार कार्ड अथवा किसी वैध फोटो पहचान पत्र तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
प्रथम 10 में शामिल विद्यार्थी
चयन प्रवेश परीक्षा में ललित कुमार ने प्रथम, अवि अरोड़ा ने द्वितीय तथा नरेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रीना पारीक, अरुण पारीक, शैलेंद्र कुमार, लवप्रीत, ज्योति, राधिका गर्ग एवं गायत्री ने प्रथम 10 में स्थान हासिल किया। परीक्षा के दौरान एनएमपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया, सहायक आचार्य डॉ. विनोद खुड़ीवाल, श्री अनमोल शर्मा, व्याख्याता श्री केवल कृष्ण, उपप्राचार्य श्री राजकुमार बवेजा, व्याख्याता श्री पारस सुथार, वरिष्ठ अध्यापक श्री उमेश शर्मा, अध्यापक श्री हरप्रीत सिंह, श्री राकेश कड़वासरा सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
6–7 माह में पूरा होगा सिलेबस
जिला प्रशासन द्वारा विशेषज्ञों के सहयोग से ऐसा सिलेबस तैयार किया गया है, जो आरएएस, पटवार, रीट, एलडीसी, समान पात्रता परीक्षा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं और कॉलेज विद्यार्थियों के फाउंडेशन कोर्स के लिए उपयोगी होगा। कोर्स को करीब 850 से 900 घंटे में कोर्स पूरा कराया जाएगा। सामान्य दिनों में प्रतिदिन औसतन 2.5 घंटे, जबकि अवकाश के दिनों में 7.5 घंटे तक कक्षाएं लगेगी। इस तरह 6 से 7 महीने में पूरा कोर्स कराया जाएगा।
अनुभवी शिक्षक देंगे मार्गदर्शन
कलेक्टर क्लास में जिले के अनुभवी सरकारी शिक्षक और कॉलेज प्राध्यापक स्वयंसेवक के रूप में पढ़ाएंगे। इसके साथ ही जिला कलेक्टर, एसपी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी समय-समय पर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन कक्षाएं लेंगे।




