राजस्थान मौसम अपडेट, 18-20 मार्च सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग का अलर्ट, मौसम के बदले मिजाज से भूमिपुत्रों की फूली सांसे
18-20 मार्च सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ एवं विशेष कृषि मौसम सलाह
जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज 18 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके असर से आगामी दो-तीन दिन कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी-बारिश (40-50 Kmph) व कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है।
आज 18 मार्च को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, आंधी के साथ हल्की बारिश होने, शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
19-20 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने की संभावना है। 19 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 Kmph) व बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।
20 मार्च को बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 Kmph), बारिश व कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।
21 मार्च को मौसम शुष्क रहने एवं 22 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में पुनः कंही-कंही हल्की बारिश होने की संभावना है।
खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।
.jpg)