राज सखी मेला—2026 का आयोजन
23 मार्च से 29 मार्च तक राज सखी मेला, हस्तशिल्प व संस्कृति का संगम
हनुमानगढ़,। राजस्थान राज्य ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के तत्वावधान में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से 23 मार्च से 29 मार्च, 2026 तक राज सखी मेला—2026 का आयोजन जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। मेले का आयोजन हनुमानगढ़ टाउन में भटनेर किले के पास फोर्ट स्कूल ग्राउंड में किया जाएगा।
मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार आकर्षक व गुणवत्तापूर्ण हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जाएगी। साथ ही आगंतुकों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो मेले का प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
राजीविका डीपीएम श्री वैभव अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला भी रहेगी, जिसमें सूफी नाइट, गजल संध्या, लोक गायन और लोक नृत्य जैसी प्रस्तुतियां शामिल होंगी। ये कार्यक्रम क्षेत्रीय कला व संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ आमजन को मनोरंजन का अवसर प्रदान करेंगे।
जिला प्रशासन एवं राजीविका ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन करें और उनका उत्साहवर्धन करें।
