भद्रकाली मेले के लिए तैयारियां
हनुमानगढ़ भद्रकाली मेले की तैयारी
श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन और सुरक्षा हेतु जिला प्रशासन ने लिया निर्णय
हनुमानगढ़। उत्तर भारत के प्रसिद्ध मां भद्रकाली मेले को सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन हेतु अनुकूल बनाने तथा सुरक्षा के लिए जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न हुई।जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा, सफाई और प्रकाश व्यवस्था सहित तमाम पहलुओं पर गहन मंथन किया गया। जिला कलक्टर ने पीडब्ल्यूडी को जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत और नगर परिषद को मेला मार्ग पर प्रकाश व दमकल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात सुचारू रखने के लिए अमरपुरा थेड़ी मोड़ पर पार्किंग बनाई जाएगी, जहां से ई-रिक्शा का संचालन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मेला क्षेत्र में 24 घंटे चिकित्सा दल, एम्बुलेंस और गंगमूल डेयरी के माध्यम से पेयजल उपलब्ध रहेगा। हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) द्वारा निःशुल्क जूताघर, खोया-पाया केंद्र और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति के स्वयंसेवक मंदिर प्रांगण में दर्शन व्यवस्था सुगम बनाने में पुलिस का सहयोग करेंगे। चिकित्सा व्यवस्था के लिए 19 मार्च से 27 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक चिकित्सा दल एवं रोगी वाहन तैनात रखने, सफाई व्यवस्था के लिए देवस्थान विभाग को नियमित सफाई, कचरा पात्र, ऑटो टिपर की व्यवस्था तथा मेला समाप्ति के बाद पूरे क्षेत्र की पूर्ण सफाई करने, आगजनी की घटनाओं से बचाव हेतु दमकल वाहन की तैनाती के लिए नगरपरिषद को निर्देश जारी किए। नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए समिति ने दूध, दही, पनीर जैसे दुग्ध उत्पादों के लिए गंगमूल डेयरी के बूथ लगाने, पेयजल के लिए प्रतिदिन तीन टैंकर देवस्थान विभाग से और एक ठंडे पानी का टैंकर गंगमूल डेयरी से उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए मुख्य मेले के दिन मेला क्षेत्र में केवल निर्धारित स्थानों से सूचना प्रसारण की अनुमति देने की बात कही। नवरात्रों में श्रद्धालु प्रातः 4 बजे से पैदल यात्रा शुरू कर देते हैं और देर रात तक आवागमन रहता है। ऐसे में अमरपुरा थेड़ी मोड़ से मंदिर तक, मेला क्षेत्र के मुख्य मार्गों तथा मनियारी बाजार में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने, मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने एवं उनकी नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पॉलिथिन थैलियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, नवमी के दिन बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए ई-रिक्शा संचालन, पार्किंग स्थलों पर निर्धारित दरों के बोर्ड लगाने और उनकी नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। प्रथम नवरात्र से अष्टमी तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक भंडारे, नवमी के दिन भंडारा महिला विश्राम गृह समिति के कार्यालय के पीछे आयोजित किया जाएगा। बैठक में जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में एडीएम उम्मेदीलाल मीणा, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, सांख्यिकी विभाग के सहायक निदेशक विनोद गोदारा, देवस्थान विभाग के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता बालकृष्ण गोल्याण, ग्राम पंचायत प्रशासक रोहित स्वामी, प्रेमरतन पारीक आदि मौजूद थे।
