राजस्थान युवा शक्ति दिवस पर कार्यक्रम
राजस्थान युवा शक्ति दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
हनुमानगढ़। राजस्थान दिवस समारोह की श्रृंखला में मंगलवार को राजस्थान युवा शक्ति दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारण दिखाया गया, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने मुख्य आतिथ्य किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने राजकीय सेवा में नव चयनित युवाओं को विभिन्न योजनाओं—मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, आई-स्टार्ट योजना, भीमराव दलित उद्यमी प्रोत्साहन योजना, विश्वकर्मा उद्यमी योजना आदि की जानकारी दी। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आमजन को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही युवाओं को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी एवं निष्ठा से करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. आनंद स्वरूप, जिला रोजगार अधिकारी श्री विनोद गोदारा, जनप्रतिनिधि श्री देवेंद्र पारीक, श्री विकास गुप्ता सहित नव नियुक्त कार्मिकों एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। उधर, राज्य स्तरीय समारोह में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा नव चयनित कार्मिकों को सम्मानित किया गया तथा विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया गया।


