News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशित

निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशित

मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित, 22 अप्रैल को होगा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन

हनुमानगढ़। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा नगरीय निकायों के आम चुनाव हेतु अर्हता 1 जनवरी, 2026 के संदर्भ में मतदाता सूचियां तैयार करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के अन्तर्गत नगरपरिषद हनुमानगढ़ तथा नगरपालिका भादरा, गोलूवाला, पीलीबंगा, रावतसर एवं टिब्बी के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों द्वारा मंगलवार को मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया है। नगर पालिका संगरिया और नोहर के परिसीमन संबंधित प्रकरण पर उच्च न्यायालय का स्थगन होने के कारण इन नगरपालिकाओं के लिए मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अभी जारी नहीं किया गया है। 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा मतदाता सूचियों के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार, 24 मार्च, 2026 को निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन, 25 मार्च को निर्वाचक नामावलियों का वार्डों / मतदान केन्द्रों पर पठन, 07 अप्रैल को दावे एवं आक्षेपों को प्रस्तुत करने की अन्तिम तिथि तथा 29 मार्च व 05 अप्रैल को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। 22 अप्रैल को निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन किया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि ऐसे पात्र व्यक्ति जिनकी आयु 1 जनवरी, 2026 को 18 वर्ष हो गई है, उनके नाम जोड़ने हेतु आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार 24 मार्च, 2026 से 7 अप्रैल, 2026 तक दावे एवं आक्षेप निर्धारित प्ररूप 3 (निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित करने के लिए), प्ररूप 5 (नामों को सम्मिलित करने के विरूद्ध आपत्ति करने के लिए) एवं प्ररूप 6 (निर्वाचक नामावली में प्रविष्टि की विशिष्टियों पर आक्षेप के लिए) में प्राप्त किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मंगलवार, 24 मार्च, 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची अर्हता 1 जनवरी, 2025 के आधार पर तैयार की गई विधानसभा मतदाता सूची, जिसका अन्तिम प्रकाशन 07 जनवरी, 2025 को किया गया था, के आधार पर तैयार की गई है। आयोग द्वारा दिये गये निर्देशानुसार 25 मार्च, 2026 को नगर परिषद/बोर्ड के वार्ड / मतदान केन्द्रों पर वार्ड सभाएं आयोजित कर पदाभिहित अधिकारियों द्वारा निर्वाचक नामावलियों का पठन किया जाएगा। मतदाता सूची निरीक्षण के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहेगी, ताकि मतदाता इन निर्वाचक नामावलियों का अवलोकन कर या सुनकर नामावली में किसी प्रविष्टि के विवरण के संबंध में यदि कोई दावा/आपत्ति है तो आवेदन किया जा सके।

उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों पर दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए विशेष अभियान रविवार, 29 मार्च, 2026 एवं रविवार, 5 अप्रैल, 2026 को निर्धारित की गई है। इन दिनों पदाभिहित अधिकारी प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियों के आवेदन प्राप्त करेंगे। शेष दिनों में आधा दिवस पूर्वान्ह या अपरान्ह में उपस्थित रहेंगे।

हनुमानगढ़ नगरपरिषद में सर्वाधिक 133 मतदान केंद्र

एडीएम ने बताया कि हनुमानगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए 133 मतदान केंद्र बनाए गए हैं तथा ड्राफ्ट सूची में 137226 मतदाता पंजीकृत है। भादरा नगरपालिका के 40 वार्डों के लिए 40 मतदान केंद्र एवं 34,339 मतदाता, गोलूवाला नगरपालिका के 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केंद्र एवं 13,223 मतदाता, पीलीबंगा नगरपालिका के 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केंद्र एवं 31,247 मतदाता, रावतसर नगरपालिका के 35 वार्डों के लिए 35 मतदाता केंद्र एवं 30,580 मतदाता, टिब्बी नगरपालिका के 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केंद्र एवं 10,354 मतदाता ड्राफ्ट सूची में पंजीकृत है। 

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.