News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

जनगणना—2027 का कार्य 1 मई से शुरू

जनगणना—2027 का कार्य 1 मई से शुरू

जनगणना—2027 के अंतर्गत शुक्रवार को स्व-गणना चरण शुरू

नागरिक स्वयं भर सकेंगे विवरण

हनुमानगढ़। जिले में शुक्रवार, 1 मई से जनगणना—2027 अंतर्गत स्वगणना चरण प्रारंभ होगा। इसको लेकर जिले में आवश्यक तैयारिया पूरी कर ली गई हैं। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने इसको लेकर वीडियो अपील भी जारी की है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना —2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य 1 मई से 15 जून, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस बार जनगणना प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल के रूप में “स्व-गणना (सेल्फ इनुमेरेशन)” का विकल्प भी शामिल किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपनी जनगणना विवरणी भर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि स्व-गणना हेतु निर्धारित वेब पोर्टल 1 मई से 15 मई, 2026 तक आमजन के लिए उपलब्ध रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा इस डिजिटल सुविधा के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है। जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्व-गणना सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

स्व-गणना की सुविधा में नागरिक स्वयं भर सकेंगे विवरण

जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के अंतर्गत नागरिकों को स्व-गणना(Self Enumeration) की सुविधा प्रदान की गई है। इस प्रक्रिया के तहत निवासी अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर दर्ज कर सकते हैं। यह पोर्टल 1 मई, 2026 से 15 मई, 2026 तक, प्रगणक के घर-घर सर्वे से 15 दिन पूर्व सक्रिय रहेगा। पूरी प्रक्रिया लगभग 15 से 20 मिनट में पूर्ण हो जाती है तथा सफल सबमिशन के बाद “H” से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट SE ID जारी की जाती है।

पंजीकरण एवं प्रक्रिया: सरल चरणों में पूरी होगी स्व-गणना

स्व-गणना के लिए नागरिकों को पोर्टल पर राज्य का चयन कर कैप्चा भरते हुए लॉगिन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर (प्रति परिवार एक) और वैकल्पिक ईमेल दर्ज करना अनिवार्य होगा। भाषा चयन के बाद ओटीपी सत्यापन किया जाएगा। आगे की प्रक्रिया में नागरिकों को अपने निवास का विवरण भरते हुए डिजिटल मानचित्र पर घर का सटीक स्थान चिन्हित करना होगा। इसके पश्चात निर्धारित प्रश्नावली भरकर “Preview” के माध्यम से जानकारी की जांच की जा सकती है तथा अंतिम रूप से “Confirm & Submit” करने पर डेटा लॉक हो जाएगा।

सत्यापन एवं सावधानिया: SE ID सुरक्षित रखना आवश्यक

अंतिम सबमिशन के पश्चात प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना अनिवार्य है, जिसे एसएमएस अथवा ईमेल के माध्यम से भी प्राप्त किया जा सकता है। जनगणना प्रगणक के घर आने पर नागरिकों को यह SE ID प्रस्तुत करनी होगी, जिससे डेटा का सत्यापन किया जाएगा। यदि SE ID का मिलान नहीं होता है, तो प्रगणक द्वारा पुनः जानकारी एकत्र की जाएगी। निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व जानकारी सबमिट करना आवश्यक है, अन्यथा स्व-गणना पूर्ण नहीं मानी जाएगी।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.