एचपीवी टीकाकरण अभियान
24 अप्रैल बेटियों के स्वास्थ्य की रक्षा का दिन, एचपीवी टीकाकरण से मिलेगा सुरक्षा कवच
जिलेभर में विशेष अभियान, सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर नि:शुल्क टीकाकरण
14-15 वर्ष की किशोरियों को लक्षित कर चलाया जा रहा सघन जागरूकता अभियान
सरकारी व निजी चिकित्सकों ने बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने का किया आह्वान
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को नजदीकी जिला अस्पताल, उपजिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं अन्य सरकारी चिकित्सा संस्थानों पर नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह टीका सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है, जो भविष्य में होने वाले गंभीर रोगों से बचाव प्रदान करता है। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा गत तीन दिनों से विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं समुदाय स्तर पर लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मी घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को टीकाकरण के दिन, स्थान एवं समय की जानकारी दे रहे हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की सामूहिक अपील
जिले के सरकारी एवं निजी चिकित्सकों ने एक स्वर में एचपीवी टीकाकरण को जरूरी बताते हुए अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14-15 वर्ष की बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं। चिकित्सकों ने वीडियो संदेश जारी कर संदेश दिया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है। सही समय पर लगाया गया यह टीका बेटियों को लंबे समय तक गंभीर बीमारी के खतरे से बचाता है। अनेक निजी एवं सरकारी चिकित्सकों ने अपील की है कि किसी भी भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से खण्ड स्तर पर तैयारियों की समीक्षा
दोपहर 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से खण्ड स्तर पर तैयारियों का जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डॉ. शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 67 वैक्सीनेशन साइट्स बनाई गई हैं, जहां 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 21 हजार से अधिक किशोरियों को टीकाकरण के लिए लक्षित किया गया है, जो जिले की कुल जनसंख्या का लगभग एक प्रतिशत है। प्रत्येक साइट पर चिकित्सा अधिकारी की तैनाती, कोल्ड चैन प्वाइंट एवं एईएफआई किट की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि टीकाकरण सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि वैक्सीनेशन साइट्स पर बैठने की उचित व्यवस्था, पीने के पानी की उपलब्धता, हवादार कमरे एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही बच्चों के टीकाकरण को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
अभियान को सफल बनाने के लिए अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्यकर्मियों को निदेज़्श दिए गए कि वे विद्यालयों एवं अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व के बारे में जागरूक करें और अधिक से अधिक किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करें।
