ग्राम रथ अभियान शुरू
"बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान" के तहत ग्राम रथ अभियान की शुरुआत:
5 विकास रथों को हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
हनुमानगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों तक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और ‘ग्राम-2026’ की जानकारी देने के उद्देश्य से जिले में ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला कलेक्ट्रेट परिसर से भादरा विधायक श्री संजीव बेनीवाल, जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने मंगलवार को 5 विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
जिला कलेक्टर डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता आमजन की भागीदारी और जागरूकता पर निर्भर करेगी। आगामी 15 दिनों तक जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों—नोहर, भादरा, पीलीबंगा, हनुमानगढ़ और संगरिया—में 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्राम स्तर तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए विधानसभावार रूट चार्ट तैयार किया गया है, जिसके अनुसार विकास रथ गांव-गांव पहुंचेंगे। रथों के साथ कला जत्थे भी रहेंगे, जो सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। एलईडी वैन के जरिए योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा, वहीं क्विज प्रतियोगिता के लिए क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं, जिससे आमजन भाग लेकर डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे। सुझाव पेटिका के माध्यम से ग्रामीण अपने सुझाव भी दे सकेंगे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि श्री अमित चौधरी, पूर्व विधायक श्री धर्मेंद्र मोची, श्री गुरदीप शाहपिनी, श्रीमती दमयंती बेनीवाल, श्री भारत भूषण, श्रीमती प्रियंका सहारण, एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना, जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई, जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर श्री प्रदीप रुस्तगी, कृषि संयुक्त निदेशक डॉ. प्रमोद यादव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।



