हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर ने गेहूं खरीद व्यवस्था का लिया जायजा
कृषि उपज मंडी में गेहूं खरीद व्यवस्था की जिला कलेक्टर ने की समीक्षा, उठाव तेज करने के निर्देश
एजेंसियों के अधिकारियों, किसानों व व्यापारियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हनुमानगढ़। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बुधवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित कृषि उपज मंडी में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंडी यार्ड का भ्रमण कर विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे गेहूं उठाव की गति का जायजा लिया और इसे तेज करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने एफसीआई, तिलम संघ और आरएसएफसीएससी सहित विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों, किसानों व व्यापारियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। मंडी यार्ड में कलेक्टर ने हम्मालों से भी तोल प्रक्रिया को लेकर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर किसान भवन पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने जगदंबा वेयरहाउस का निरीक्षण कर एजेंसियों को अनलोडिंग प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए, ताकि मंडी में गेहूं उठाव में तेजी लाई जा सके। जिला कलेक्टर ने उपनिदेशक कृषि विपणन को निर्देशित किया कि सभी संबंधित पक्षों से समन्वय कर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस मौके पर एसडीएम श्री मांगीलाल, कृषि विपणन उपनिदेशक श्री विष्णुदत्त शर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष श्री धर्मपाल जिंदल मौजूद रहें

