गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना
गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना से भादरा में विकास को मिली गति
40.22 लाख रुपए की लागत से स्कूलों में खेल सुविधाओं का विकास
हनुमानगढ़। गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के अंतर्गत चयनित जिले के एकमात्र ब्लॉक भादरा में शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के विकास को नई गति मिली है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव द्वारा स्कूलों में विभिन्न गतिविधियों हेतु वित्तीय स्वीकृति जारी की गई। योजना के तहत ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में इंडोर एवं आउटडोर खेल सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इंडोर गतिविधियों के लिए शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस एवं डार्ट्स जैसे उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, वहीं आउटडोर गतिविधियों के लिए मल्टीपर्पज कोर्ट (बास्केटबॉल, टेनिस, स्केटिंग आदि) विकसित किए गए हैं। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बल मिला है।
इसके साथ ही विज्ञान संकाय वाले विद्यालयों में नवीनतम उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इससे विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा का अवसर मिल रहा है, जिससे उनकी वैज्ञानिक समझ और विषय के प्रति रुचि में वृद्धि हो रही है। आधुनिक प्रयोगशालाओं के माध्यम से विद्यार्थी अब सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझ पा रहे हैं। योजना के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। ब्लॉक स्तर पर विशेष शिक्षा विद्यालय में सन्दर्भ कक्ष का विकास किया गया है, जिससे इन विद्यार्थियों को अनुकूल वातावरण में शिक्षा एवं प्रशिक्षण मिल सके।
योजना के तहत कुल 40.22 लाख रुपए की लागत से खेल सुविधाओं का विकास किया गया है। योजना के तहत ब्लॉक के 99 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में इंडोर सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए प्रति स्कूल लगभग 15,000 रुपए की लागत से कुल 14.83 लाख रुपए का व्यय किया गया। इसी प्रकार आउटडोर गतिविधियों के लिए मल्टीपर्पज कोर्ट (बास्केटबॉल, टेनिस, स्केटिंग आदि) हेतु 5 स्कूलों में 20.02 लाख रुपए खर्च किए गए। विज्ञान शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए विज्ञान संकाय वाले 23 विद्यालयों में नवीनतम उपकरण एवं सामग्री हेतु 3.44 लाख रुपए का व्यय किया गया। विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए भी योजना के तहत विशेष शिक्षा विद्यालय में सन्दर्भ कक्ष के विकास हेतु 1.90 लाख रुपए का व्यय किया गया।
