गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण
गेहूं खरीद केंद्रों और भंडार गृहों का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण
तुलाई तिथि चूकने पर भी उसी/अगले सप्ताह कर सकेंगे बिक्री
हनुमानगढ। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने मंगलवार को हनुमानगढ़ टाऊन स्थित कृषि उपज मंडी समिति, गुरुसर स्थित खरीद केंद्रों और भंडार गृहों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एफसीआई गोदामों और बारदाने की उपलब्धता का जायजा लेते हुए खरीद व्यवस्था की समीक्षा की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बारदाने की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था और उठाव की गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि मंडियों में अनावश्यक भीड़ न हो।
आरएमएस 2026-27 के तहत महत्वपूर्ण बदलाव बताते हुए कलेक्टर ने कहा कि यदि कोई किसान निर्धारित तुलाई तिथि पर केंद्र पर नहीं पहुंच पाता है, तो वह उसी सप्ताह या अगले सप्ताह किसी भी दिन अपनी फसल लेकर आ सकता है। हालांकि ऐसे मामलों में गेहूं की तुलाई दोपहर 3 बजे के बाद की जाएगी, जिससे किसानों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके।



