जनगणना 2027 के प्रथम चरण की समीक्षा
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और मॉनिटरिंग पर जोर
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई समीक्षा बैठक
हनुमानगढ़। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण कार्यों की समीक्षा बैठक जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर में संचालित जनगणना गतिविधियों की प्रगति तथा ऑनलाइन माध्यम से संपादित किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई।
गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के दिए निर्देश
बैठक के दौरान जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने जनगणना कार्यों के नियमित निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपादित किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
चार्ज अधिकारियों और एसडीएम को दिए निर्देश
जिला कलक्टर ने समस्त चार्ज अधिकारियों एवं उपखंड अधिकारियों को जनगणना के फील्ड कार्यों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही ऑनलाइन संपादन कार्यों में पारदर्शिता एवं त्रुटिरहित कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
फील्ड कार्यों की हो रही सतत निगरानी
बैठक में बताया गया कि गत दिनों जिला कलक्टर सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे मकान सूचीकरण कार्यों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान आंकड़ों की शुद्धता, कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित प्रक्रियाओं की पालना का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
ऑनलाइन कार्यों की भी समीक्षा
समीक्षा बैठक में ऑनलाइन माध्यम से संपादित किए जा रहे कार्यों की प्रगति एवं तकनीकी पक्षों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि डेटा एंट्री एवं ऑनलाइन संपादन कार्यों में पूरी सावधानी बरती जाए ताकि जनगणना से संबंधित जानकारी पूरी तरह सटीक एवं विश्वसनीय रहे।
.jpeg)