दिव्यांग चिन्हीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन
रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड शिविरों में उमड़ा ग्रामीणों का उत्साह
खुईयां में 50 एवं धानसिया में 70 आवेदन लिए गए, दिव्यांग चिन्हीकरण भी किया गया
नोहर। उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ के मुख्य प्रबंधक हामिद अली के निर्देशानुसार राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा गुरुवार को नोहर उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत खुईयां तथा बुधवार को धानसिया में रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड आवेदन एवं दिव्यांग चिन्हीकरण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण तथा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ की पास शाखा प्रभारी सरिता ने शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निगम के सहयोग से ग्राम पंचायत खुईयां में विभिन्न श्रेणी के रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड से वंचित लोगों को लाभ दिलाने हेतु मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजी कार्यवाही पूर्ण कर 50 आवेदन लेकर निगम की पास शाखा को प्रेषित किए गए, जिनका आगामी दिनों में लाभ दिलाया जाएगा। वहीं बुधवार को ग्राम पंचायत धानसिया में विभिन्न श्रेणी के 70 आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विभिन्न श्रेणी के दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित व्यक्तियों का चिन्हीकरण भी किया गया। खुईयां में 2 तथा धानसिया में 3 सहित कुल 5 दिव्यांगों को चिन्हित किया गया।
शिविर में दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बस सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। खुईयां नायब तहसीलदार रामसिंह थालोड़, पंचायत प्रशासक सुमैरसिंह राठौड़, धानसिया पंचायत प्रशासक गोपालसिंह राठौड़ एवं ग्राम विकास अधिकारी मुखराम सुथार ने निगम पास शाखा प्रभारी सरिता तथा सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की तथा ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
हरबंस लाल सहारण ने बताया कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न श्रेणी के रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड एवं दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित लोगों को अधिक से अधिक लाभान्वित करना है। शिविर आयोजन को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर खुईयां पंचायत प्रशासक सुमैरसिंह राठौड़, धानसिया ग्राम विकास अधिकारी मुखराम सुथार, कनिष्ठ सहायक श्रवण कासनियां, पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि गजेंद्रसिंह, ताल्लुका विधिक सेवा समिति नोहर के अधिकार मित्र पवन कुमार बारूपाल, सेवानिवृत्त अध्यापक ओमप्रकाश कोलासर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खुईयां के बीएलओ कमरुद्दीन, श्री गणेश स्कूल खुईयां संचालक रमेश पारीक, चौधरी पेस्टिसाइड संचालक मांगीलाल सहू, समाजसेवी इंद्राज सारसरसहि सहित पंचायत स्टाफ, दिव्यांगजन, वृद्धजन, वरिष्ठ नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


