समाज सेवा शिविर से विद्यार्थियो में सामाजिक मूल्यों का विकास
राष्ट्रीय सेवा योजना शिविरों में विद्यार्थियों ने दिया जल संरक्षण का संदेश
वर्षा जल संग्रहण, स्वच्छता, ड्रिप सिस्टम एवं वर्मी कंपोस्ट निर्माण जैसी गतिविधियों से समाज को किया जागरूक
टिब्बी। राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत आयोजित समाज सेवा एवं अभिरुचि शिविरों के पांचवें दिन विभिन्न विद्यालयों में जल संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने समाज हित में कार्य करते हुए जल बचाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 4 केएसपी, 2 केएसपी, डबली कला, डबली खुर्द, रामपुरा उर्फ रामसरा, पन्नीवाली, सलेमगढ़, शेरेका सहित विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों ने ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, पानी के स्टोरेज टैंकों की स्वच्छता तथा बरसात से पूर्व छतों की सफाई कर वर्षा जल संग्रहण हेतु उचित व्यवस्थाएं कीं। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को जल संरक्षण का महत्व बताते हुए उन्हें वर्षा जल संग्रहण के लिए प्रेरित किया।
सिलवाला कला के विद्यार्थियों द्वारा बोरवेल की सफाई की गई। वहीं सालीवाला में विद्यार्थियों ने प्लास्टिक की बोतलों का पुनः उपयोग करते हुए ड्रिप सिंचाई प्रणाली तैयार की, जिससे पौधों को निरंतर पानी मिल सके तथा बूंद-बूंद सिंचाई के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा मिले। रामपुरा उर्फ रामसरा में विद्यार्थियों ने बायो वेस्ट का निस्तारण करते हुए वर्मी कंपोस्ट खाद का निर्माण किया, जिससे कचरा प्रबंधन के साथ-साथ ऑर्गेनिक खेती को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
गुड़िया तंदूरवाली, खिन्नानियां, तलवाड़ा झील तथा बशीर बालिका विद्यालय में समाज सेवा शिविर के अंतर्गत शाला स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिविरों के दौरान मलड़खेड़ा में शिविर प्रभारी अनिल सहारण, सालीवाला में ज्योति गुप्ता, 2 केएसपी में बलवीर तनान, श्योदानपुरा में वरिष्ठ अध्यापक मोनिका रानी, शेरेका में सुमित्रा जांदू तथा बालिका स्कूल सालीवाला में सुमन पूनिया ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
समाज सेवा शिविर के दौरान बीसीएमओ कार्यालय से डॉ. जगदीश ने विद्यार्थियों को उत्तम स्वास्थ्य एवं पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी दी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वही पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेहरवाला में समाज सेवा एवं अभिरुचि शिविर के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।



