मंडियों में बारदाना बढ़ाने की मांग
संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया ने मंडियों में बारदाना बढ़ाने की मांग
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री को पत्र लिखकर संगरिया, टिब्बी व तलवाड़ा झील की मंडियों में बारदाने की कमी के बारे में करवाया अवगत
टिब्बी। संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र संगरिया की मंडियों में बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करवाने की मांग की है। विधायक ने बताया कि वर्तमान समय में संगरिया, तलवाड़ा एवं टिब्बी मंडियों में गेहूं की भारी आवक हो रही है, लेकिन बारदाना की कमी के कारण खरीद व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
उन्होंने पत्र में बताया कि किसान बड़ी मात्रा में अपनी उपज मंडियों में लेकर पहुंच रहे हैं, परंतु बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं होने से किसानों एवं व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर खरीद एवं उठाव नहीं होने के कारण किसानों की उपज खुले में पड़ी हुई है, जिससे नुकसान की आशंका भी बनी हुई है।
विधायक अभिमन्यु पूनिया ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि संगरिया, तलवाड़ा एवं टिब्बी मंडियों में तत्काल प्रभाव से पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाया जाए, ताकि किसानों एवं व्यापारियों को राहत मिल सके और गेहूं खरीद कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। इस संबंध में विधायक द्वारा मुख्यमंत्री एवं जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ को भी प्रतिलिपि प्रेषित की है।


