यातायात पुलिस की सख्ती
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस की सख्ती
स्टंट कर रही बाइक्स सहित 16 वाहन सीज, कार्रवाई से वाहन चालकों में मचा हड़कंप
![]() |
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशानुसार यातायात पुलिस थाना हनुमानगढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले तथा सड़कों पर स्टंट कर आमजन की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 16 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों तथा तेज गति से स्टंट कर रहे युवाओं के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान 11 दुपहिया वाहन, 4 कारें तथा 1 ई-रिक्शा को सीज किया गया। कई वाहन चालक बिना दस्तावेज, तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाते भी पाए गए, जिनके खिलाफ नियमानुसार चालान बनाए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी। थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क पर स्टंट करना न केवल स्वयं की जान के लिए खतरा है, बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई को आमजन ने सराहनीय बताया है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा यातायात व्यवस्था मजबूत होगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्यवाही में रामदयाल एएसआई, कांस्टेबल राधेश्याम, कांस्टेबल सुरेश कुमार का सहयोग रहा।

