संविदा शिक्षकों को पत्राचार से उच्च अध्ययन करने की मिली अनुमति
संविदा शिक्षकों को बड़ी राहत, अब पत्राचार से कर सकेंगे उच्च अध्ययन
हनुमानगढ़। शिक्षा विभाग ने संविदा शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए पत्राचार माध्यम से उच्च अध्ययन करने की अनुमति प्रदान की है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अब संविदा नियम-2022 में शिथिलता देते हुए लेवल प्रथम एवं लेवल द्वितीय के अंग्रेजी, विज्ञान और गणित विषय के संविदा शिक्षक नौकरी के साथ-साथ उच्च अध्ययन भी कर सकेंगे। जारी आदेशों में जिला शिक्षा अधिकारियों को एनओसी जारी करने के अधिकार भी दिए गए हैं। अब यदि किसी संविदा शिक्षक द्वारा उच्च अध्ययन के लिए आवेदन किया जाता है तो निर्धारित शर्तों के तहत जिला शिक्षा अधिकारी एनओसी जारी कर सकेंगे।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि पत्राचार माध्यम से किया जाने वाला उच्च अध्ययन शिक्षकों के नियमित कार्य एवं अध्यापन व्यवस्था में बाधा नहीं बनना चाहिए। विभाग के अनुसार सहायक अध्यापक लेवल प्रथम और द्वितीय के नियुक्ति अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी होते हैं, इसलिए एनओसी जारी करने का अधिकार भी उन्हें ही दिया गया है।
अब तक संविदा नियमों में यह प्रावधान था कि कोई भी संविदा शिक्षक सरकार की अनुमति के बिना किसी अन्य पाठ्यक्रम या कार्य का अनुसरण नहीं कर सकता। इसी कारण संविदा शिक्षकों को उच्च अध्ययन की अनुमति नहीं मिल पाती थी।विभाग द्वारा दी गई इस शिथिलता के बाद अब संविदा शिक्षक पत्राचार माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक योग्यता बढ़ा सकेंगे। इससे भविष्य में उन्हें कैरियर उन्नयन और नए अवसर प्राप्त होने की संभावना भी बढ़ेगी।
